Corona effect : जरूरतमंदों की मदद करने वाले BJP कार्यकर्ताओं पर नड्डा की नजर
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तन्यमता के साथ जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री बांट रही है। साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है।
भागलपुर [कौशल किशोर मिश्र]। वैश्विक कोरोना त्रासदी से लगे लॉकडाउन में जरूरतमंदों की मदद करने वाले भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं पर नजर रखी जा रही है। पार्टी की कमान संभाल रहे जेपी नड्डा ने इसके लिए बाकायदा सूबे में संगठन से जुड़े सिपाहसलारों की टोली को लगा रखा है। इन्हें सूबे के सभी जिलों की जिम्मेदारी दी गई है कि वहां की गतिविधियों पर नजर रखें।
मजे की बात तो यह है कि नड्डा ने टोली में सभी जिले से ऐसे सिपाहसलार का चयन कराया है। जो जरूरतमंदों को मदद पहुंचा रहे नेताओं-कार्यकर्ताओं की स्थल रिपोर्ट दे रहे हैं। इस टोली में शामिल चेहरे अपनी रिपोर्ट सीधे पार्टी प्रमुख को देंगे।
संगठन से जुड़े कौन नेता-कार्यकर्ता लॉकडाउन में क्षेत्र में होने के बाद जरूरतमंदों को मदद कर रहे हैं। कौन सक्रिय हैं, कौन नहीं? इसका भी लेखा-जोखा शामिल है। ऐसे सक्रिय पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर विशेष नजर है। बताया जा रहा है कि पार्टी की रीति-नीति और सरकार के एजेंडे को जन-जन तक पहुंचाने। जरूरतमंदों को यथा शक्ति मदद करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक रिपोर्ट में सूबे के प्रमुख जिलों में भागलपुर, नवगछिया, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, कटिहार, पूर्णिया, खगडिय़ा, सहरसा, किशनगंज, अररिया, फारबिसगंज, गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, सारण, सिवान, औरंगाबाद आदि जिले में नेताओं-कार्यकर्ताओं की ज्यादा हलचल आंकी गई है।
कहा जा रहा है कि मददगार नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन में तवज्जो दिया जा सकता है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व स्वयं भी विभिन्न जिलों के नेताओं से व्यक्तिगत संपर्क साध कर लेखा-जोखा के लिए लगाई गई टोली की सक्रियता की भी कैफियत ले रहे हैं।
सूबे की राजनीति और गुटबंदी को बेहतर जानने वाली नड्डा टीम जिला संगठनों में पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की गुटबंदी पर भी रख रही है। उनके क्रियाकलापों, मददगार नेताओं-कार्यकर्ताओं की टांग खिंचाई करने वाले नेताओं पर भी नजर रखी जा रही है।
ऐसा माना जा रहा है कि इसी बहाने संगठन में बूथ स्तर पर सधे कार्यकर्ताओं की नई टीम बनाने की तैयारी है। जो चुनाव के समय पार्टी के लिए मजबूत काम कर सकें।