Corona effect : लॉकडाउन के पालन को यहां के युवकों ने बनाया एप, जानिए... इसकी खासियत
एप से कोरोना पॉजिटिव के घर और लोकेशन का पता भी लगाया जा सकता है। यही नहीं बिना रजिस्ट्रेशन के कोई अपने घर से बाहर भी नहीं निकल सकेगा।
भागलपुर [कौशल किशोर मिश्र]। भागलपुर के दो युवकों कुमार यश लाल और विवेक पांडेय ने लॉकडाउन में मदद के लिए 'स्टे होम' एप तैयार किया है। इस एप का प्रयोग करने पर लोगों को भीड़ के बारे में जानकारी मिल जाएगी। इससे लोग एक जगह पर जमा नहीं हो पाएंगे।
एप से कोरोना पॉजिटिव के घर और लोकेशन का पता भी लगाया जा सकता है। यही नहीं, बिना रजिस्ट्रेशन के कोई अपने घर से बाहर भी नहीं निकल सकेगा। स्टे होम नाम से बनाए गए इस एप को कैप्टन बत्रा ब्रिगेड और इविल रेट कंपनी ने बनाया है। इस टीम में भागलपुर के कुमार यश लाल और विवेक पांडेय भी शामिल हैं। यश और विवेक ने बताया कि तीन पार्ट में बंटे इस एप में एक एडमिन पैनल है जो स्थानीय प्रशासन के पास रहेगा। दूसरा पैनल स्टे होम फॉर स्पॉट है जो किसी सार्वजनिक स्थान के बारे में जानकारी देगा। तीसरा पैनल यूजर के प्रयोग के लिए है। इसके प्रयोग से यूजर को वह लिस्टिंग दिखेगी जो दुकान या अन्य सार्वजनिक स्थल पर रजिस्टर्ड होगी। फिर उससे टोकन जेनरेट कर वहां जाया जा सकेगा।
पहले शॉप या कोई भी अन्य संस्थान पहले इस एप के जरिए रजिस्टर्ड होगा। स्टे होम ऑन स्पॉट में रजिस्टर्ड होने के बाद स्थानीय प्रशासन जांच बाद उसे एप्रूव करेगा। एप्रूव होते ही उसकी लिस्टिंग यूजर को दिखने लगेगी। मान लीजिए किसी दुकान में या स्पॉट में एक समय जाने के लिए 20 वैकेंसी की पोजीशन होगी तो एप के जरिये उसमें जाकर अपना 21 वें नंबर का क्यू जेनरेट करना होगा। टोकन नंबर जब आएगा तो उन्हें एक नोटिफिकेशन मोबाइल पर आएगा। तब वह घर से निकल कर वहां जाकर अपना काम कर सकेगा। घर से बाहर निकलने पर उसे स्थानीय पुलिस-प्रशासन नहीं रोकेगा, क्योंकि उनके पास अपना टोकन मोबाइल पर होगा। यद्यपि, इस एप को अभी मान्यता नहीं दी गई है।