Bihar Coronavirus effect : बिहार में छुक-छुक करती मुंबई से आ रही श्रमिक ट्रेन में गूंजी किलकारी, जानें पूरा मामला
corona effect मुंबई से भागलपुर आ रही श्रमिक ट्रेन में एक बच्चे का जन्म हुआ। महिला कटिहार की रहने वाली है। बरौनी जंक्शन पर ट्रेन रोकी गई। आनन-फानन में डॉक्टर-नर्स पहुंचे।
भागलपुर [रजनीश]। मुंबई से भागलपुर आ रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में बुधवार को गूंजी नवजात की किलकारी ने प्रवासियों के मायूस चेहरों पर मुस्कान ला दी। बच्चे के जन्म पर प्रवासियों ने कोच में ही तालियां बजाकर और गाना गाकर जश्न मनाया। रेलवे ने मानवता दिखाते हुए ना सिर्फ बरौनी जंक्शन पर ट्रेन रोकी, बल्कि रेलवे की मेडिकल टीम ने सुरक्षित प्रसव भी कराया।
जच्चा-बच्चा दोनों का चेकअप किया गया। इसके बाद इन्हें उसी ट्रेन से भागलपुर भेज दिया गया। कटिहार जिले के बारसोई निवासी मु. अशरफ अपनी पत्नी लिली खातून के साथ मुंबई में रहते हैं। वह किसी कंपनी में काम करते थे। अशरफ की पत्नी गर्वभती थीं। लॉकडाउन के बाद काम छूट गया। इसके बाद 11 मई को मुंबई से भागलपुर आने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन में दंपती सवार हुए। कोच संख्या एस 13 में दोनों सवार थे। ट्रेन पहले ही पांच घंटे लेट चल रही थी। बुधवार की अलसुबह ढाई बजे बजे हाजीपुर से ट्रेन खुली तो पत्नी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसकी जानकारी अशरफ ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर दी। सूचना मिलते ही रेलवे की टीम बरौनी जंक्शन पर नर्स और महिला चिकित्सक के साथ पहुंच गई। सुबह चार बजे के करीब ट्रेन बरौनी जंक्शन पहुंची, जहां मेडिकल टीम कोच में पहुंची और कंपार्टमेंट को चादर से घेर दिया। आसपास बैठे लोगों को कुछ देर प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहने को कहा गया। आधे घंटे बाद लिली खातून ने बेटे को जन्म दिया। चिकित्सकों ने जच्चा-बच्चा का चेकअप किया, जरूरी दवाएं और इंजेक्शन दिए। गर्म पानी और पाउडर वाले दूध की भी व्वयस्था रेलवे ने की। इसके बाद सुबह साढ़े पांच बजे ट्रेन को बरौनी जंक्शन से भागलपुर के लिए रवाना किया गया। ट्रेन सुबह 08.32 बजे भागलपुर पहुंची। यहां सभी की स्क्रीनिंग कराकर दंपती और नवजात को कटिहार जाने वाली बस पर बिठाया गया। अशरफ और लिली को लॉकडाउन में श्रमिक ट्रेन का सफर ताउम्र याद रहेगा। इनकी पहली संतान का जन्म श्रमिक ट्रेन हुआ है। दोनों ने बच्चे के जन्म का सपना मुंबई में देखा था, पर होनी को कुछ और ही मंजूर था। अशरफ ने बताया कि रेलवे का यह एहसान वह कभी नहीं भूल पाएंगे।