Corona effect : लॉकडाउन में प्रवासियों को लाने के लिए 35 गाडिय़ां तैयार, स्पेशल ट्रेन से भी आएंगे लोग
Corona effect पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में 35 वाहनों को रखा गया है। इसमें 25 बसें और 10 छोटी गाडिय़ां शामिल हैं। आज कोटा से खुलने वाली स्पेशल ट्रेन से पूर्व बिहार के लोग भी आएंगे।
भागलपुर, जेएनएन। प्रवासियों को राज्य के दूसरे हिस्से से भागलपुर लाने के लिए वाहन कोषांग का गठन किया गया है। पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में 35 वाहनों को रखा गया है। इसमें 25 बसें और 10 छोटी गाडिय़ां शामिल हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने डीटीओ को आवश्यकतानुसार और वाहनों की व्यवस्था करने को कहा है।
जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह को वाहन कोषांग का वरीय पदाधिकारी और डीटीओ को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा कई दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इन दंडाधिकारी को बाहर से आए प्रवासियों को क्वारंटाइन सेंटर तक पहुंचाने की जवाबदेही दी गई है। बसों से पहले लोगों को जिला मुख्यालय तक लाया जाएगा। इसके बाद छोटी गाडिय़ों से प्रखंडों में बने क्वारंटाइन सेंटरों तक पहुंचाया जाएगा।
55 लोग आज आएंगे भागलपुर
दूसरे राज्यों से पैदल और साइकिल से आने वाले प्रवासियों को कैमूर बार्डर पर रोक कर जांच की जा रही है। इसमें 55 लोग भागलपुर के शामिल हैं। इन लोगों को भागलपुर तक पहुंचाने के लिए कैमूर जिला प्रशासन ने बस की व्यवस्था की है। आज सुबह सभी लोगों को लेकर बस भागलपुर तक आ जाएगी। वहीं, पटना से लोगों को भागलपुर तक लाने के लिए चार बसें भेजी गई थी, लेकिन वहां पर एक भी लोग भागलपुर के नहीं मिले। इसलिए चारों बसें पटना में ही खड़ी हैं।
कोटा से बरौनी आने वाली स्पेशल ट्रेन से पूर्व बिहार के सैकड़ों लोग आएंगे
तीन मई को कोटा से खुलने वाली स्पेशल ट्रेन से पूर्व बिहार के लोग भी आएंगे। बांका, भागलपुर, जमुई, खगडिय़ा, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा के रहने वाले लोग इस ट्रेन से बिहार आएंगे। सभी जिलों के लिए अलग-अलग कोच की व्यवस्था की गई है। इधर, भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जिले के लोगों को भेजने की मांग की है। रविवार को कोटा से ट्रेन 10.30 बजे चलेगी। इसमें बांका और भागलपुर जिले के लोगों को आठ बजे, जमुई और खगडिय़ा के लोगों को नौ बजे तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है। इसी तरह लखीसराय, मुंगेर और शेखपुरा जिले के लोग रात 10 बजे तक पहुंचेंगे। बांका जिले के लोग ट्रेन के कोच संख्या एक, भागलपुर के लोग कोच संख्या आठ से बारह, खगडिया के 15 से 17, मुंगेर के 20 से 21, जमुई के लोग 13 और 14 नंबर कोच और लखीसराय के लोगों के लिए 18 और 19 नंबर कोच आरक्षित किया गया है। बरौनी से संबंधित जिलों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को लेकर जिला आएंगे।