जमुई में क्रिकेट खेलने में हुआ विवाद, तोड़फोड़ व अगलगी, कई जख्मी, स्थिति तनावपूर्ण
जमुई में क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद हो गया। इस घटना में कई लोगों के जख्मी हो गए हैं। स्थिति तनावपूर्ण है। दोनों गुटों के बीच हिंसक झडप हुई है। आग भी लगा दी गई। इस घटना में काफी सामान नष्ट हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, जमुई। शहर के आजाद नगर मुहल्ला में बुधवार की रात उपद्रवियों द्वारा अगलगी व तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया। उसके बाद स्थिति दोनों तरफ से तनावपूर्ण हो गई। सूचना ल बाद घटना स्थल पर एसडीओ प्रतिभा रानी, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, थानाध्यक्ष चंदन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी पहुंचे। उसके बाद आग को बुझाया गया। वहीं पुलिस को आता देख सभी उपद्रवी फरार हो गए। पदाधिकारियों द्वारा घूम-घूम कर घटना स्थल का जयजा लिया गया साथ ही स्थानीय लोगों से घटना की विस्तारपूर्वक जानकारी ली गई। बता दें कि दो दिन पूर्व क्रिकेट खेलने के दौरान आज़ाद नगर और महिसौड़ी के बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसमें दोनों तरफ से मारपीट भी हुई थी। फिर झगड़ा शांत हो गया था। लेकिन जब बाइक से आज़ाद नगर का एक युवक महिसौड़ी कि ओर जा रहा था तो उसे कुछ लोगों द्वारा रोक कर मारपीट किया जाने लगा फिर बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कर दिया गया। लेकिन देर शाम आज़ाद नगर मुहल्ला निवासी मु. यासिर जब किसी काम से जा रहा था तो इसी दौरान महिसौड़ी का एक दर्जन से अधिक युवक आया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सिर पर डंडे से वार कर बुरी तरह घायल भी कर दिया। जबतक लोगों पहुंचते तबतक सभी लोग फरार हो गया। वहीं घटना की जानकारी घायल व स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई है।
जेनरेटर और बाइक को किया आग के हवाले
खेल-खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए झगड़े के दौरान उपद्रवियों ने आज़ाद नगर मुहल्ला में जमकर तांडव मचाया। इस दौरान मु. कलीम के घर के आगे रखा जेनरेटर को तोड़फोड़ कर आग के हवाले कर दिया गया साथ ही शिक्षक मु.फैयाज के मोटरसाइकिल में भी आग लगा दी गई। जिससे जेनरेटर और बाइक जलकर राख हो गया। उसके बाद उपद्रवियों द्वारा पत्थराव कर कई घर के खिड़की और शीशा भी तोड़ दिया।
कैमरे में कैद हुआ उपद्रवियों की हरकत
अगलगी और तोड़फोड़ सहित पत्थराव करने की सारी हरकत कैमरे में कैद हो गई। जिससे शिनाख्त कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं पुलिस के अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की मांग भी मुहल्ले वासियों से किया है।
पुलिस छावनी में तब्दील रहा मुहल्ला
घटना के बाद आज़ाद नगर मुहल्ला पुलिस छावनी में तब्दील रहा। रातभर पुलिस पदाधिकारियों का आना जाना लगा रहा। हालात फिर बिगड़े नहीं जिस वजह से पुलिस जवानों की तैनाती कई जगहों पर की गई थी। साथ ही पदाधिकारी भी हालात का जायजा लेने पहुंच रहे थे।
बच्चों के झगड़े में दो पक्षों के बीच तनावपूर्ण हुई स्थिति को फिलहाल शांत किया गया है। घटना की जांच की जा रही है। आवेदन देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - चंदन कुमार, थानाध्यक्ष जमुई