कुख्यात का अंत: अपराधी कांग्रेस यादव की बम मारकर हत्या
अपराधी कांग्रेस यादव (35) की अपराधियों ने बम मारकर हत्या कर दी।
जमुई। जिले के चन्द्रमंडीह थाना क्षेत्र के डढ़वा पंचायत अंतर्गत जम्हा गांव में गुरुवार की रात्रि सोए अवस्था में अंतरप्रांतीय कुख्यात अपराधी कांग्रेस यादव (35) की अपराधियों ने बम मारकर हत्या कर दी। घटना के समय कांग्रेस यादव श्राद्ध का भोज खाकर गांव स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र भवन की छत पर सोया हुआ था। रात के करीब एक बजे आधा दर्जन सशस्त्र अपराधियों ने छत पर चढ़कर उस पर बम से हमला कर दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी वहां से भाग गए। बम विस्फोट की आवाज सुनकर जब गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और छत पर चढ़कर देखा तो उन्होंने कांग्रेस को मृत पाया। मृतक के भाई सूचित यादव ने रात में ही घटना की सूचना चन्द्रमंडीह थाने की पुलिस को दी। शुक्रवार की अहले सुबह चन्द्रमंडीह थाने के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, चकाई थाने के थानाध्यक्ष चन्देश्वर पासवान व सीआरपीएफ डिप्टी कमांडेट ब्रजेश कुमार सीआरपीएफ जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों एवं परिजनों से घटना की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उसे जमुई भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक के मोबाइल एवं बम के अवशेष भी बरामद किए हैं। सूचित यादव के बयान पर थाने में इलाके के सक्रिय अपराधी टेटू टुडडू सहित नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
-
पैक्स अध्यक्ष अर्जुन की हत्या से कुख्यात हुआ था कांग्रेस
कांग्रेस यादव वर्ष 2010 में चोरी, डकैती, छिनतई के साथ जरायम की दुनिया में कदम रखा था। बाद एक गिरोह बनाकर वह आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने लगा। क्षेत्र में उसने ताबड़तोड़ कई घटनाओं को अंजाम दिए। वर्ष 2011 में उसने कुरुमटा के पारा टीचर पंकज यादव का अपहरण कर चकाई मोड़ ले आया था। उस मामले में देवघर जिले के जसीडीह थाने की पुलिस ने एक रिवाल्वर के साथ उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन वह अपराध जगत में वह चकाई प्रखंड के पैक्स अध्यक्ष व कल्याणपुर पंचायत के पूर्व मुखिया अर्जुन यादव को बम से उड़ा कर कुख्यात हुआ था। इसके अलावा उसके खिलाफ पूर्व नक्सली विवेका यादव व चिमनी भट्ठा मजदूर नदंकिशोर मंडल की हत्या के भी मामले लंबित थे।
---
कोट:
अपराधियों द्वारा बम से घटना को अंजाम दिया गया है। प्रारंभिक जांच में इस घटना में टेटू टुडडू गिरोह के शामिल होने की बात सामने आई है। मृतक भी अपराधी प्रवृति का था। घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है।
रंजीत कुमार थानाध्यक्ष, चन्द्रमंडीह।