PM ने देश को आर्थिक मंदी पर पहुंचाया तो गडकरी वसूल रहे लोगों से रुपये : कांग्रेस Banka News
कांग्रेस ने कहा कि PM ने देश को आर्थिक मंदी की कगार पर पहुंचा दिया। वहीं गडकरी मोटरयान अधिनियम का हवाला देकर लोगों से रुपये वसूल रहे हैं। बेलहर विस उपचुनाव पर भी निर्णय लिया।
बांका [जेएनएन]। बेलहर प्रखंड मुख्यालय स्थित ठाकुरबाड़ी प्रांगण में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र सरकार निशाने पर रहा। कांग्रेसियों ने पीएम नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री नीतिन गडकरी का पुतला दहन किया।
प्रदेश पर्यवेक्षक इंजीनियर राजीव रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश को सबसे अधिक आर्थिक मंदी की तरफ ले जाकर खड़ा कर दिया है। जिससे उबरने में देशवासियों को वर्षों नहीं बल्कि दशकों लग जाएगा। कांग्रेस कार्यकाल में किए गए कार्यो की वाहवाही लूटी जा रही है।
जनता को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के बजाय नए मोटरयान अधिनियम लागू कर आर्थिक दोहन किया जा रहा है। जिसका जवाब जनता 2020 के चुनाव में देगी। इसके पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि नए मोटरयान अधिनियम लागू होते ही अधिकतर वाहनें घर में कैद हो गया। हाट बाजार से लेकर मरीजों तक को अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो गया है। जनता का आर्थिक दोहन कांग्रेस कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
बेलहर विधानसभा चुनाव में पार्टी अकेले लड़ेगी। कार्यक्रम समाप्ति बाद सड़क मार्च करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री नीतिन गडकरी का पुतला दहन किया गया। मौके पर महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सुनैना झा, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी, पूर्व प्रत्याशी महिपलाल पंडित, परमानंद मिश्र, त्रिपुरारीचरण झा, दिलीप सिंह, बिरेंद्र सिंह, आनंद विजय, रामानंद सिंह, गणेश तांती आदि उपस्थित थे।