Move to Jagran APP

जल-जीवन-हरियाली यात्रा : मुंगेर और जमुई में CM नीतीश कुमार का कार्यक्रम आज, जाएंगे भीमबांध

जल-जीवन-हरियाली अभियान के सातवें चरण के तीसरे दिन मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार का मुंगेर और जमुई में कार्यक्रम है। दोनों जिलों में कई योजनाओं का उद्घाटन किया।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Fri, 10 Jan 2020 09:17 AM (IST)Updated: Fri, 10 Jan 2020 09:17 AM (IST)
जल-जीवन-हरियाली यात्रा : मुंगेर और जमुई में CM नीतीश कुमार का कार्यक्रम आज, जाएंगे भीमबांध
जल-जीवन-हरियाली यात्रा : मुंगेर और जमुई में CM नीतीश कुमार का कार्यक्रम आज, जाएंगे भीमबांध

मुंगेर/जमुई, जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को जल जीवन हरियाली अभियान यात्र पर मुंगेर के भीमबांध आएंगे। इसके बाद वो जमुई के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वो विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री भीमबांध में गर्म जल के उद्गम स्थल, पर्यटकों के स्नान के लिए बनाए गए कुंड एवं अन्य स्थलों का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री जिला में विभिन्न विभागों द्वारा जल जीवन हरियाली योजना से कराए गए कार्यो का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री जल जीवन हरियाली योजना के तहत 13 विभागों के 795 करोड़ 62 लाख रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

जल-जीवन-हरियाली यात्र पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को भीमबांध पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री भीमबांध में अवस्थित गर्म जल उद्गम स्थल, पर्यटकों के स्नान करने के लिए बनाए गए कुंड, प्राकृतिक घने साल के जंगल एवं भीमबांध वन्यप्राणी आश्रयणी अंतर्गत परिस्थितिकीय पर्यटन स्थल का भ्रमण करेंगे। वहीं, ईको टूरिज्म विकास के अंतर्गत भीमबांध में हो रहे पर्यटकीय सुविधाओं के विकास कार्यों का भी जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री जीविका सहित अन्य विभिन्न विभाग द्वारा लगाए जाने वाले 10 स्टालों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा स्टालों के निरीक्षण के क्रम में कई विभागों के योजनाओं का लाभ लाभुकों को मुख्यमंत्री के हाथों दिया जाएगा। इसके लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है। जबकि गुरुवार को जिला एवं अनुमंडल स्तर के कई पदाधिकारियों ने भीमबांध का स्थल निरीक्षण किया। कई पदाधिकारी भीमबांध में ही लगातार कैंप कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के जल जीवन हरियाली यात्र को लेकर जीविका द्वारा भीमबांध में स्टॉल लगाया गया है। जीविका दीदियों को मुख्यमंत्री द्वारा चेक प्रदान किया जाएगा। जीविका दीदी के दूसरे समूह के द्वारा जीविकोपार्जन संबंधित गतिविधियां मसाला, बैंगल्स, मधु व मशरूम उत्पादन और आचार, सोनपापड़ी व कंबल निर्माण आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। जीविका दीदी के तीसरे समूह के द्वारा कस्टम हेयरिंग सेंटर का प्रदर्शन किया जाएगा। जीविका दीदी के चौथे समूह के द्वारा कृषि, उद्यान एवं आत्मा के अभिसरण से मशरूम एवं मधु उत्पादन का प्रदर्शन किया जाएगा। आइसीडीएस के द्वारा कुपोषण एवं अन्नप्राशन का प्रदर्शनी लगाया गया है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना, दिव्यांग जनों के लिए सहायक उपकरण व ट्राई साइकिल योजना का प्रदर्शनी लगाया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री 05 अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का चेक लाभुकों को देंगे। जबकि, तीन दिव्यांगों को सहाय उपकरण दिए जाएंगे। जिला परिवहन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना का प्रदर्शनी लगाया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीण परिवहन योजना के 05 लाभुकों को वाहन की चाभी सौंपी जाएगी। नगर निगम मुंगेर द्वारा स्वच्छ भारत मिशन का प्रदर्शनी लगाया गया है। जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम एवं बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का प्रदर्शनी लगाया गया है। सभी योजनाओं के चयनित लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री के द्वारा जैविक खेती करने वाले प्रधानमंत्री पुरस्कार से पुरस्कृत किसान को सम्मानित भी किया जाएगा।

 

मुंगेर को मिलेगी 795 करोड़ की सौगात : मुख्यमंत्री भीमबांध से जल जीवन हरियाली योजना के तहत क्रियान्वित होने वाली योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। 13 विभागों के 795 करोड़ 62 लाख रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया जाएगा। 93 करोड़ 73 लाख से बने 81 योजनाओं का उद्घाटन और 701 करोड़ 89 लाख रुपये से बनने वाली 433 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

चप्पे चप्पे पर तैनात किए गए सुरक्षा बल

मुख्यमंत्री जल-जीवन-हरियाली यात्र के दौरान नक्सल प्रभावित भीमबांध का भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीमबांध में सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, एसटीएफ, एसएसबी, बीएमपी, डीएपी, चीता बल के अधिकारियों और जवानों को तैनात किया गया है। भीमबांध के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

जल जीवन हरियाली योजना की होगी समीक्षा : जल-जीवन-हरियाली को लेकर मुख्यमंत्री शुक्रवार को संग्रहालय के सभागार में प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी शामिल होंगे। इसके अलावे मुंगेर, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, शेखपुरा के वरीय पदाधिकारी सहित कई विभागों के प्रधान सचिव, मुख्य सचिव, जिले के प्रभारी सचिव व मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य आदि बैठक में भाग लेंगे। बैठक में जल जीवन हरियाली योजना का मुंगेर प्रमंडल के विभिन्न जिलों में क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। वहीं, जन प्रतिनिधि जिला के विकास से संबंधित मुद्दे भी उठाएंगे।

मुंगेर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम एक नजर में

दिनांक 10 जनवरी (शुक्रवार)

पूर्वाह्न् 10:30 बजे : जिला अतिथि गृह मुंगेर से सफियासराय हवाई अड्डा के लिए सड़क मार्ग से प्रस्थान

पूर्वाह्न् 10:40 बजे : सफियासराय हवाई अड्डा आगमन व जमुई जिला के लिए हेलीकॉप्टर से प्रस्थान

अपराह्न् 12:15 बजे : भीमबांध प्रखंड हवेली खड़गपुर हेलीपैड पर आगमन व भीमबांध अवस्थित गर्मजल उद्गम स्थल, कुंड व अन्य स्थल का भ्रमण व अवलोकन

अपराह्न् 1 बजे : भीमबांध प्रखंड खड़गपुर स्थित हेलीपैड से सफियासराय हवाई अड्डा के लिए होलीकॉप्टर से प्रस्थान

अपराह्न् 1:15 बजे : सफियासराय मुंगेर हवाई अड्डा हेलीकॉप्टर से आगमन व संग्रहालय सभागार के लिए सड़क मार्ग से प्रस्थान

अपराह्न् 1:30 बजे : संग्रहालय सभागार में आगमन व जल-जीवन-हरियाली से संबंधित प्रमंडलस्तरीय समीक्षा बैठक में भाग लेना

अपराह्न् 3:30 बजे : संग्रहालय सभागार से सफियासराय मुंगेर हवाई अड्डा के लिए सड़क मार्ग से प्रस्थान

अपराह्न् 3:40 बजे : सफियासराय हवाई अड्डा आगमन व पटना के लिए प्रस्थान

मुख्यमंत्री ने मां चंडिका दरबार में टेका मत्था

जल जीवन यात्र पर भागलपुर से लौटने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक से चंडिका स्थान पहुंच गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चंडिका स्थान में जा कर मां चंडिका की पूजा अर्चना की। मुख्य पुरोहित नंदन बाबा ने मुख्यमंत्री को विधिवत मां की पूजा अर्चना कराई। मुख्यमंत्री ने मां चंडिका से राज्य में सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री संजय झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष वर्मा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह आदि मौजूद थे।

जमुई में आधा दर्जन योजनाओं का मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री के आगमन कार्यक्रम के एक दिन पूर्व गुरुवार को प्रभारी मंत्री सह अल्पसंख्यक कल्याण एवं गन्ना विकास मंत्री मु. खुर्शीद आलम ने बानाडीह स्थित कोसमा आहर का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री के साथ पार्टी के कई नेता साथ थे। प्रभारी मंत्री ने कोसमा आहर पर जल जीवन हरियाली कार्य का जायजा लिया व कार्यक्रम को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश पदाधिकारियों को दिया। सीएम नीतीश कुमार लघु सिंचाई विभाग द्वारा एक करोड़ 48 लाख 10 हजार की लागत से उलाय बीयर केनाल का जीर्णोद्धार, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत तीन लाख 90 हजार 900 की लागत से सामुदायिक सिंचाई कूप का निर्माण, मनरेगा अंतर्गत तीन लाख 10 हजार 586 रुपए की लागत से क्रियान्वित उलाय बीयर बांध के किनारे दोनों तरफ वृक्षारोपण कार्य, मनरेगा अंतर्गत 14,000 की लागत से कुंआ व सोखता का निर्माण एवं एक करोड़ 51 लाख 9 हजार की लागत से कोसमा आहार के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन करेंगे।

सीएम आज रतनपुर में योजनाओं का करेंगे अवलोकन

जल-जीवन-हरियाली यात्र के आखिरी चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को जमुई के रतनपुर पंचायत स्थित कोसमा आहर पहुंचेंगे। यहां जल जीवन हरियाली अभियान के तहत क्रियान्वित योजनाओं का निरीक्षण के साथ-साथ उद्घाटन भी करेंगे। इस दौरान सीएम ब्रह्म पौधा का रोपण करेंगे। साथ ही आर्ट गैलरी में सजीव चित्रण का अवलोकन व जीविका, कृषि विभाग सहित अन्य स्टॉल का भी निरीक्षण करेंगे।

प्रभारी मंत्री सहित जदयू नेताओं ने लिया जायजा: मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर की गई तैयारी का जायजा गुरुवार को 20 सूत्री प्रभारी मंत्री खुर्शीद अहमद उर्फ फिरोज आलम, पूर्व मंत्री दामोदर रावत, पूर्व विधायक सुमित कुमार सिंह सहित अन्य जदयू नेताओं ने लिया। इस दौरान उक्त नेताओं ने जिलाधकारी एवं पुलिस अधीक्षक से तैयारी की जानकारी भी ली।

परिवहन सचिव ने किया मुआयना: सीएम के आगमन से पूर्व तैयारियों का मुआयना परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने भी किया। मुख्यमंत्री सिक्यूरिटी के अधिकारियों, परिवहन सचिव व जमुई के डीएम एसपी के बीच सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अन्य तैयारियों पर मंत्रणा की गई। बाद में अधिकारियों को सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक ना हो। साथ ही कुव्यवस्था से बचने के लिए सावधान रहने की नसीहत दी गई।

डीएफओ सत्यजीत कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री कोसमा आहार के समीप पांच पौधे का रोपण करेंगे जिसमें बरगद, पाकड़, पीपल व गूलर के पौधे चार कोण पर होंगे तथा मध्य में तुलसी का पौधा रोपित किया जाएगा। वे सभी पौधे कालांतर में एक हो जाएंगे और वह ब्रह्म पौधा कहलाएगा।

पंचायत अंतर्गत बानाडीह के कोसमा आहर पर जल-जीवन-हरियाली यात्र के तहत सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारी पूरी कर ली। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर दो स्तरीय बेरिकेडिंग की गई है। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर गुरुवार को एसएसबी द्वारा रतनपुर पंचायत में फ्लैग मार्च किया गया।

आर्ट गैलरी में बिहार सरकार की विकास योजनाओं का चित्र लगाया गया है। मुख्यमार्ग से कोसमा आहर तक निर्मित पहुंच पथ का रंग-रोगन भी किया गया है। व्यवस्था और सुंदरीकरण को लेकर डीएम धर्मेन्द्र कुमार लगातार निर्देश दे रहे थे। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. एनामुल हक मैगनु, उपविकास आयुक्त अरुण कुमार ठाकुर, डीएफओ सत्यजीत प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी लखींद्र पासवान, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामपुकार सिंह, एडीएम कुमार संजय एवं पटना से आई मुख्यमंत्री स्पेशल सुरक्षा टीम द्वारा कार्यक्रम स्थल जायजा लिया गया।

पूर्व विधायक ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा

जल जीवन हरियाली यात्र के दौरान रतनपुर पंचायत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर तैयारी का जायजा पूर्व विधायक सुमित कुमार सिंह ने गुरुवार को लिया । इस अवसर पर उन्होंने तैयारी के मुतल्लिक जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. एनामुल हक मेंगनु से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपेंगे शिक्षा सेवक

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गिद्धौर के बानाडीह आगमन पर शिक्षा सेवक उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत करवाएंगे व मांगों के समर्थन में मांग पत्र सौंपेंगे। जानकारी देते हुए बिहार राज्य संविदा कर्मी शिक्षा सेवक संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश बौद्ध ने बताया कि शिक्षा सेवक, सरकार की उदासीनता का शिकार हो रहे हैं। उन्हें उनका अधिकार नहीं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शिक्षा सेवक उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए शिक्षक का दर्जा देने, प्रशिक्षित करने, अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने सहित चार सूत्री मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपेंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.