जल-जीवन-हरियाली यात्रा : CM नीतीश कुमार ने समीक्षा भवन का किया उद्घाटन Bhagalpur News
जल-जीवन-हरियाली अभियान के सातवें चरण के दूसरे दिन 9 जनवरी 2020 को मुख्यमंत्री भागलपुर पहुंचे। उन्होंने यहां समीक्षा भवन का उद्घाटन किया।
भागलपुर, जेएनएन। जल-जीवन-हरियाली अभियान के सातवें चरण के दूसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्यक्रम 9 जनवरी 2020 को भागलपुर और बांका में हुआ। भागलपुर के शाहकुंड प्रखंड की भूलनी पंचायत आए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह यात्रा जनता से संवाद के लिए है, उनकी भावनाओं को समझने के लिए है। जल-जीवन-हरियाली पर्यावरण संतुलन की दिशा में जागृति लाने का अभियान है। हमलोग प्रचार नहीं, बल्कि काम करके दिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने भूलनी से जिले में 584 करोड़ की लागत से बनने वाली 186 योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
भूलनी पंचायत में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री भागलपुर पहुंचे। उन्होंने समाहरणालय में जिलाधिकारी से भागलपुर के विकास और यहां चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने समाहरणालय परिसर में नवनिर्मित समीक्षा भवन का भी उद्घाटन फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जिलाधिकारी प्रणव कुमार और जिला आइटी मैनेजर पूनम कुमारी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि समीक्षा भवन बन जाने से भागलपुर में आईटी विभाग को कार्य करने में सुविधा होगी।