CBSE Board 10th Result 2020 : दो टॉपरों के दावे ने उलझाया बोर्ड का गणित
CBSE Board 10th Result 2020 भागलपुर जिले में टॉपर को लेकर विवाद हो गया है। संगम और अमन में ज्यादा किसे नंबर मिला है। आइए... देखते हैं।
भागलपुर [दिलीप कुमार शुक्ला]। CBSE Board 10th Result 2020 : पिछले दिनों सीबीएसई ने 10वीं का रिजल्ट जारी किया था। इस बार के रिजल्ट में भागलपुर जिले के लगभग सारे स्कूलों ने बेहतर प्रदर्शन किए। सभी स्कूलों ने अपने-अपने स्तर से टॉपरों का मूल्यांकन किया। उस दिन स्कूल के भेजे गए रिजल्ट के मुताबिक सेंट जोसेफ स्कूल कहलगांव के छात्र अमन वर्मा टॉपर बने थे। उन्हें 98.6 फीसद अंक दिखाया गया था। वहीं आनंदराम ढांढानिया सरस्वती विद्या मंदिर भागलपुर के छात्र संगम कुमार मिश्रा को 97.8 फीसद अंक दर्शाया गया था।
आइए देखें, अमन और संगम को कितना अंक मिला
सेंट जोसेफ स्कूल कहलगांव के छात्र अमन वर्मा को अंग्रेजी में 94, संस्कृत में 99, गणित में 100, विज्ञान में 99, सामाजिक विज्ञान में 95 और कंप्यूटर विज्ञान में 100 अंक मिले। वहीं, आनंदराम ढांढानिया सरस्वती विद्या मंदिर भागलपुर के छात्र संगम कुमार मिश्रा को अंग्रेजी में 94, संस्कृत में 99, गणित में 100, विज्ञान में 98, सामाजिक विज्ञान में 98 और कंप्यूटर विज्ञान में 100 अंक मिले। दोनों छात्रों का अतिरिक्त विषय कंप्यूटर विज्ञान है।
यहां बता दें कि सीबीएसई 10वीं के रिजल्ट में पांच विषयों के अंक को ही जोड़ा जाता है, जबकि परीक्षा छह विषयों की होती है। एक विषय अतिरिक्त रहता है।
अमन को प्रथम पांच (First five) विषयों में (अतिरिक्त विषय कंप्यूटर विज्ञान के अंक को छोड़कर) 487 अंक (97.40 फीसद) जबकि संगम को 489 अंक (97.8 फीसद) मिले। वहीं, पांच श्रेष्ठ (Best of five) विषयों में अमन को 493 अंक (98.6 फीसद) और संगम को 495 अंक (99 फीसद) मिले हैं। यानी दोनों स्थिति में अमन से ज्यादा अंक संगम को मिला है। एक बात और अगर हम सभी छह विषयों के भी अंक को जोड़कर देखें तो भी संगम को अमन से ज्यादा अंक प्राप्त हुआ है। यहां यह भी बात जनना जरूरी है कि सीबीएसई द्वारा जारी रिजल्ट में केवल Positional Grade ही दर्शाया जाता है। कुल अंक या प्रतिशत नहीं।
आइए... बतातें हैं उस दिन क्या हुआ - अमन का रिजल्ट पांच श्रेष्ठ (Best of five) विषयों के आधार पर घोषित किया गया। जिसके आधार पर अमन को 98.6 फीसद (493 अंक) मिले। वहीं, संगम को प्रथम पांच (First five) विषयों के आधार पर घोषित किया गया। इस कारण संगम के 489 अंक (97.8 फीसद) हुए।
बोले प्रधानाचार्य
सेंट जोसेफ स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर एंटी ने कहा कि बेहतर पांच विषयों के अंकों को जोड़कर रिजल्ट घोषित किया जाता है। बेहतर पांच विषयों के अंक के आधार पर अमन को 98.6 फीसद अंक दिखाया गया है।
आनंदराम ढांढनियां सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने कहा कि हमलोग प्रथम पांच (First five) विषयों के अंक के आधार पर रिजल्ट घोषित करते हैं। हालांकि जो भी हो,हरेक स्थिति में संगम ने ज्यादा अंक प्राप्त किया है।
सीबीएसई के जिला समन्वयक केके सिन्हा ने बताया कि छह विषयों में से अतिरिक्त विषय के रूप में अगर कंप्यूटर साइंस रहेगा तभी बेहतर पांच विषयों के अंक को जोड़ा जाएगा। नहीं तो अतिरिक्त विषय को छोड़कर पांच विषयों के अंकों को जोड़कर रिजल्ट निकाला जाता है।