एमएम कॉलेज भागलपुर में इंटर की छात्राओं के दाखिला का मामला गरमाया, छात्राओं ने शुुरू किया आंदोलन
भागलपुर के एमएम कॉलेज में छात्राओं के दाखिली का मामला गरमाने लगा है। 28 घंटे से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को छात्राओं ने खत्म कर दिया है लेकिन आंदोलन जारी है। हालांकि डीईओ ने छात्राओं को आश्वासन दिया है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सुंदरवती महिला महाविद्यालय (एसएम कॉलेज) के प्राचार्य डॉ. रमन सिन्हा को गुरुवार को धरना पर बैठीं छात्राओं ने चैंबर जाने से रोक दिया। इस कारण प्राचार्य लेखा कार्यालय में ही अपने सहयोगियों के साथ नजरबंद रहे। इसी बीच जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) संजय कुमार ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि उनकी उत्तर पुस्तिका के पुनर्मूल्यांकन के लिए काउंसिल को पत्र लिखेंगे। इसके बाद दो बजे छात्राओं ने अनिश्चितकालीन धरना समाप्त किया। करीब 12 बजे छात्राओं ने प्राचार्य को अपने चेंबर जाने दिया। आइसा नेता ने कहा है कि डीइओ की तरफ से उचित आश्वासन मिला है। इस कारण धरना समाप्त किया गया है। यदि उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी तो फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इंटर भौतिकी विषय के प्रायोगिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण करीब 40 छात्राएं आइसा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण कुशवाहा के नेतृत्व में बुधवार से ही धरने पर बैठी थीं। रात में भी छात्राएं कॉलेज में ही डटी रही थीं। छात्रा ईशा समेत अन्य छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि जानबूझकर कॉलेज द्वारा रात को बाथरूम बंद कर दिया गया है। उन्हें परेशान किया गया है। इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य डॉ. रमन सिन्हा ने कहा है कि छात्राओं का आरोप गलत है। रात को वे लोग कॉलेज के बाहर बैठी थीं।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से परिसर में आकर बैठीं तो उन्हें किसी कर्मी ने नहीं रोका। वाणिज्य विभाग की तरफ शौचालय खुला हुआ था। वहां जाने से किसी को नहीं रोका गया था। कॉलेज प्रशासन को आशंका था कि प्रदर्शनकारी पार्ट टू की परीक्षा को बाधित कर सकते हैं। तीन सौ से ज्यादा परीक्षार्थियों की एसएम कॉलेज में परीक्षा होनी थी। इस वजह से प्राचार्य ने पहले ही सिटी एएसपी पूरन झा को फोन कर घटना की जानकारी दे दी थी। उनके निर्देश पर जोगसर पुलिस और शेरनी दल मौके पर पहुुंची थी। डीइओ से वार्ता के समय पुलिस साथ थी।
धरना कार्यक्रम में ईशा भारती, खुशी कुमारी, समीक्षा कुमारी, कोमल कुमारी, कीटू कुमारी, प्रिया कुमारी, देवनंदनी, निक्की, रौनक, श्वेता, सपना, नेहा, दामिनी, संगीता कुमारी, रिया, संध्या, पूनम, मुस्कान, काजल, प्रीति, प्रियंका, सरस्वती, साक्षी, संगीता, पूनम के साथ छात्र नेता मंजीत, सागर, विकास, नीरज आदि शामिल हुए।
छात्राओं की मांग से संंबंधित पत्र ज्ञापन के साथ इंटर काउंसिल को फारवर्ड कर दिया गया है। वहां से निर्देश प्राप्त होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - संजय कुमार, डीइओ, जिला शिक्षा कार्यालय