मंत्री ने गिरिराज सिंह को गठबंधन धर्म निभाने की दी नसीहत, बोले-CM के कार्यों से जनता में विश्वास Bhagalpur News
भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी पिछले 10 अक्टूबर से नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के 40 गांवों का लगातार भ्रमण कर चुके हैं। लोगों का रूझान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति है।
भागलपुर [जेएनएन]। सबौर के बहादुरपुर उच्च विद्यालय में 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मुख्यमंत्री के साथ रहेंगे। सभा की तैयारी पूरी कर ली गई है। उक्त बातें कचहरी चौक स्थित एक होटल में जिला प्रभारी सह भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने प्रेस वार्ता में कही।
मंत्री ने कहा, उपचुनाव में सत्ताधारी के पक्ष में ज्यादा रूझान रहता है। इसलिए कि लोग जानते हैं कि इससे सरकार का बनना और बिगडऩा नहीं है। पिछले 10 अक्टूबर से नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के 40 गांवों का लगातार भ्रमण कर चुके हैं। लोगों का रूझान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति है। प्रत्याशी लक्ष्मीकांत मंडल की पहचान समाजिक कार्यकर्ता के रूप में है।
मंत्री अशोक चौधरी ने नाथनगर विधानसभा सीट जीतने का दावा किया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के वोटर को बूथ तक पहुंचाने की व्यवस्था प्रशासन को करनी है। भाजपा, जदयू और लोजपा तीनों पार्टी के जिलाध्यक्ष डीएम से मिलकर चलंत बूथ बनाने की मांग करेंगे। ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।
हाल ही में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा दिए बयान पर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। कहा, गठबंधन धर्म से हट कर बात करेंगे तो निश्चित रूप से उन्हें नसीहत दी जाएगी। बहरहाल, एनडीए में कोई दरार नहीं है और एकजुटता के साथ खड़ा है। 15 साल पहले 24 हजार करोड़ के बजट से शुरुआत की थी। वर्तमान में 2.15 लाख करोड़ का बिहार का बजट है। पुल पुलिया, 10 हजार हाई स्कूल का निर्माण और 1.5 लाख विद्यालय कक्ष बनाए गए। 10 फीसद से अधिक बच्चे स्कूल से बाहर थे। अब एक फीसद से कम स्कूल से बाहर हैं। लोगों में उनके कार्य के प्रति विश्वास है। इस मौके पर मेयर सीमा साहा, डिप्टी मेयर राजेश वर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष आरती कुमारी, लोजपा जिलाध्यक्ष अमर सिंह कुशवाहा, जदयू जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह आदि मौजूद थे।