कसाई ने 6 साल की मासूम बच्ची को काट, अपने घर पर ही दफना दिया शव, सुपौल में रूह कंपा देने वाली वारदात
सुपौल में 6 साल की बच्ची की गला रेतकर निर्मम हत्या का मामला संज्ञान में आया है। बच्ची की हत्या के बाद उसे दफना दिया गया। इस हत्याकांड में आरोपी बूचड़खाने में काम करता था और कसाई बताया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, सुपौल। जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 18, इस्लामपुर मोहल्ला में एक छह वर्षीय बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को घर में ही दफना दिया गया। बुधवार की सुबह घर से शव बरामद किया गया। मृतका उक्त मोहल्ला निवासी रसाेई गैस वेंडर मु. हसन की पुत्री आमना परवीन उर्फ सानिया है। स्वजन के अनुसार हत्यारा उक्त वार्ड निवासी रसीद है जो अपने पिता के साथ बूचड़ (कसाई) का काम करता है। बताया गया कि वह हर तरह के नशे का आदी है। आरोपित फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है।
मृतका के पिता ने बताया कि मंगलवार की दोपहर दो बजे आमना खाना खाकर अपने घर से निकली और घर वापस नहीं आई। परिवार के लोगों ने पहले तो यह समझा कि वह कहीं खेलने गई है, लेकिन कई घंटे बाद भी वह जब घर नहीं आई तो उसकी खोजबीन शुरू की गई। रात भर खोजबीन करने के बाद भी वह नहीं मिली। तत्पश्चात लोगों को रसीद पर शक हुआ। उसके बाद बुधवार की सुबह लोगों ने हसन के घर के पश्चिम रसीद के बने घर (कामत) में खोजबीन की तो वहां एक कमरे में ताला लगा देखा।
- -मंगलवार की दोपहर अपने घर से खाना खाकर निकली थी मासूम आमना
- -बुधवार की सुबह घर में बने मचान के नीचे दफनाया मिला उसका शव
ताले को खोलवा कर जब लोग अंदर गए तो घर में बने मचान की नीचे की मिट्टी खोदी हुई थी। लोगों ने मिट्टी को हटाया तो उसमें आमना का शव दफनाया हुआ था। इस बाबत हसन ने बताया कि मंगलवार को रसीद कहीं से मूंग व चावल चोरी कर लाया था, जिसे आमना ने देख लिया और उसने इस बात की जानकारी अपनी मां सहित अन्य लोगों को दी थी। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया है। आरोपित रसीद के परिवार के लोग घर से फरार है।