नार्थ इस्ट और पश्चिम बंगाल से जुड़े हैं भागलपुर में देह व्यापार के तार
भागलपुर में लगातार देह व्यापार का अवैध कारोबार का पदाफाश हो रहा है। पुलिस ने दो दिन पहले होटल के संचालक और दो नाबालिक लड़की को पकड़ लिया था। पता चला कि यहां के तार नार्थ इस्ट और पश्चिम बंगाल से भी जुड़े हैं।
भागलपुर, जेएनएन। सिल्क सिटी में फैले देह व्यापार के तार नार्थ इस्ट से लेकर पश्चिम बंगाल से जुड़े हैं। जिन्हें सफेदपोश और प्रभावशाली लोगों का संरक्षण मिला हुआ है। कभी चाहत और फस्र्ट कट ब्यूटी पार्लर में देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ था। उस भंडाफोड़ के बाद अबतक एक दर्जन बार देह व्यापार संचालन का भंडाफोड़ हो चुका है। लेकिन देह व्यापार के संचालन में अंकुश नहीं लग सका है। कहा जाता है कि यहां दार्जलिंग, मिरीक, किर्सियांग, कलिंपोंग, दालकोला, आसनसोल, रामपुर हाट, लक्षीपुर, बांगुड़, मालदा आदि से लड़कियां लाई जाती है। पुलिस फाइल में आज भी मोना की मां गिरोह का नाम ताजा है। नार्थ ईस्ट और पश्चिम बंगाल के हिल एरिया से लड़कियां लाने का जिम्मा मोना की मां गिरोह के हाथों है। सिल्क सिटी में 2006, 2007, 2013 और 2018 में पकड़ी गई दार्जलिंग, मिरीक आदि इलाके की लड़कियों ने धंधे की सरगना को मोना की मां नाम से पहचान बताई। मोना की मां गिरोह का नाम बताया। मोना की मां गिरोह की कुछ लड़कियां पूर्णिया जिले में भी गिरफ्तार की गईं। पटना में कमजोर वर्ग एसपी किम शर्मा के नेतृत्व में पूर्णिया में कुछ साल पूर्व हुई छापेमारी में भी कई लड़कियां देह व्यापार से मुक्त कराई गई थी।
मोना की मां गिरोह से बबलू का नाता
आदमपुर रेडक्रास रोड स्थित एक रिटायर्ड इंजीनियर के घर से इसी साल गिरफ्तार बबलू साह का नाता मोना की मां गिरोह से रहा है। कहा जा रहा है कि सिल्क सिटी में मोना की मां गिरोह की मजबूत पकड़ है। यह गिरोह नार्थ ईस्ट और पश्चिम बंगाल के हिल एरिया की लड़कियां बड़ी कीमत पर भागलपुर, पटना, मुजफ्फरपुर आदि जगहों पर उपलब्ध कराता है। पश्चिम बंगाल के मालदा, बांगुड़, आसनसोल, लक्षीपुर, रामपुर आदि क्षेत्र से बरखा गिरोह की दखल है। कहा जाता है कि सिल्क सिटी के अलावा पूर्णिया, खगडिय़ा, बांका, मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय, साहिबगंज, दुमका आदि जगहों पर सक्रिय लोकल दलाल दोनों गिरोह से संपर्क कर उन्हें रिमोट इलाके के गरीब परिवारों को पैसे का लोभ देकर सब्जबाग दिखा फांसते हैं। फिर उसे इन गिरोहों के हवाले कर मनमाफिक रकम लेते हैं। कहा जाता है कि दोनों गिरोह की सधी लड़कियों को उनमें धंधे के लिए फिट कराने का बकायदा प्रशिक्षण दिया जाता है। भागलपुर में देह व्यापार चलाने वाले लोकल एजेंट आसानी से दोनों गिरोह से संपर्क कर लग्जरी वाहनों में उनकी पसंदीदा क्षेत्र की लड़कियां मंगा देते हैं। लोकल एजेंटों को संरक्षण देने वाले कई सफेदपोश और नामवर लोग शामिल हैं। इस बार भागलपुर पुलिस ताजा देह व्यापार के खुलासा होने के बाद संरक्षण देने वालों की गिरेबान पर हाथ डालने को जोरशोर से लगी हुई है।