बाढ़ पीड़ित जा तो रहे थे आशियाना ढूंढने, लेकिन पलट गई नाव Bhagalpur News
नाथनगर के बिहारीपुर की तरफ से लगभग 20 लोग निजी नाव पर सवार होकर सुरक्षित स्थान पर जा रहे थे। जैसे ही नाव बायपास पुलिया के पास पहुंची चालक ने संतुलन खो दिया।
भागलपुर [जेएनएन]। बाढ़ और बारिश से लोगों का जनजीवन बेहाल हो गया है। डूब चुके घर से किसी तरह निकालकर बाढ़ पीड़ित राहत शिविर की शरण ले रहे हैं। मंगलवार को दोपहर अपने बाढ़ से घिर चुके गांव से निकलकर सभी लोग आशियाना ढूढने इधर उधर भटक रहे थे। कुछ लोग नाव पर सवार होकर राहत शिविर की ओर निकले।
नाथनगर के मधुसूदनपुर इलाके के बिहारीपुर की तरफ से लगभग 20 लोग निजी नाव पर सवार होकर सुरक्षित स्थान पर जा रहे थे। जैसे ही नाव बायपास पुलिया के पास पहुंची, चालक ने संतुलन खो दिया। इसके बाद नाव में पानी भरने लगा। इसके साथ ही नाव वहां डूब गई। नाव डूबते देख आसपास खड़े लोगों ने पानी में छलांग लगा दी और नाव पर सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन नाव पर लदे अनाज और अन्य समान पानी में डूब गया।
नाव पर सवार मनोज मंडल, रंजीत मंडल, कालीन मंडल, निरंजन मंडल, टुसा देवी, नीलो देवी, कल्पना देवी आदि ने बताया कि बिहारीपुर में सात दिनों से बाढ़ का पानी है। पूरा गांव जलमग्न हो गया है। गांव से बाहर निकलने के लिए भी कोई साधन नहीं हैं। एक भी सरकारी नाव की व्यवस्था नहीं की गयी है। निजी नाव के सहारे मंगलवार को दर्जनों लोग नाव पर सवार होकर अनाज और अन्य सामग्री लेकर गांव से बाहर निकल रहे थे। पानी भर जाने के कारण नाव बायपास पुलिया के नीचे डूब गई।