BJP : भागलपुर विधानसभा में वर्चुअल संवाद 29 जून को, कुछ इस तरह की जा रही विधानसभा चुनाव की तैयारी
BJP भागलपुर विधानसभा में वर्चुअल संवाद की तैयारी की जा रही है। 29 जून को कार्यक्रम है। प्रदेश नेता संवाद को संबोधित करेंगे। एक जुलाई में सुल्तानगंज विधानसभा में संवाद होगा।
भागलपुर, जेएनएन। बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारी भाजपा ने शुरू कर दी है। लगातार प्रत्येक विधानसभाओं में वर्चुअल रैली हो रही है। भागलपुर में भी लगातार बैठकें हो रहीं हैं। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में अधिकारियों का दौरा, प्रवास आदि तय किए गए हैं। शुक्रवार को जिले के पीरपैंती विधानसभा में वर्चुअल संवाद पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव एवं पूर्व सांसद सैयद शाहनवाज हुसैन ने संबोधित किया था। इसके बाद अब भागलपुर और सुल्तानगंज विधानसभा में वर्चुअल संवाद की तैयारी की जा रही है। नाथनगर और कहलगांव विधानसभा के लिए अभी तय नहीं की गई है। भागलपुर विधानसभा में वर्चुअल संवाद 29 जून और सुल्तानगंज विधानसभा में एक जुलाई को होगा।
जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने बताया कि 29 जून को भागलपुर विधानसभा का मुख्य समारोह वृंदावन हॉल जबारीपुर तिलकामांझी में दोपहर बाद तीन बजे से होगा। इसके अलावा प्रत्येक शक्तिकेंद्र, बूथों और अन्य जगहों पर भी वर्चुअल संवाद सुने जाएंगे। पूरे विधानसभा क्षेत्र में इसकी व्यवस्था की जा रही है।
इसकी तैयारी के लिए रविवार को वृंदावन हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने बैठक की अध्यक्षता की। वर्चुअल संवाद के लिए मंच सज्जा की जिम्मेदारी कला एवं संस्कृति मंच के संयोजक राजकिशोर गुप्ता को दी गई। आईटी सेल के संयोजक आदित्य पांडेय सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को जनसंवाद से जोड़ेंगे।
इस अवसर पर अर्जित शाश्वत चौबे और डॉ प्रति शेखर ने कार्यकर्ताओं को संवाद के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक शेयर करने का आग्रह किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष दिलीप निराला, विपुल सिंह, श्यामल किशोर मिश्र, जिला महामंत्री देवव्रत घोष, जिला मीडिया प्रभारी इंदु भूषण झा, प्यारे हिंद, जिला मंत्री प्रणव दास, मनीष दास, कुमकुम सिन्हा, जिला प्रवक्ता पृथ्वी राज, राजेश टंडन, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता आलोक सिंह बंटु, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष कुमार विजेन्द्र रजक, अति पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रिंस मंडल, तिलकामांझी मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह, चंपानगर मंडल अध्यक्ष गौरव दास, अमरजीत साह, रौशन सिंह, मुन्ना सिंह, शशांक धोष, मानश सिंह आदि उपस्थित थे।
नवगछिया जिला विनोद कुमार मंडल ने बताया कि अभी नवगछिया के दोनों विधानसभा क्षेत्रों (बिहपुर और गोपालपुर) में अभी वचुर्अल संवाद की तिथि तय नहीं हुई है। एक-दो दिनों में तिथि तय कर दी जाएगी।