जानिए... भागलपुर के भाजपा कार्यकर्ता चुनाव प्रचार के लिए कहां-कहां जाएंगे
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मांग कई जिलों से हो रही है। संगठन के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को दूसरे जिलों में भी भेजा जाएगा।
भागलपुर [जेएनएन]। भाजपा का संगठन वार्ड और पंचायत स्तर तक है। चुनाव से छह माह पहले ही भाजपा ने बूथ और शक्ति केंïद्र स्तर तक अपना नेटवर्क खड़ा किया था। इस नेटवर्क का भरपूर भाजपा ने भागलपुर में कितना किया, यह तो चुनाव परिणाम से पता चलेगा। भागलपुर में चुनाव हो चुका है। मतदान के बाद दो दिनों तक कार्यकर्ता जोड़-घटाव में व्यस्त थे। अब यहां के कार्यकर्ता बेगूसराय में मोर्चा संभालने जा रहे हैं जहां चतुर्थ चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है।
कहलगांव और पीरपैंती के कार्यकर्ताओं को गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से भी बुलाया जा रहा है जहां अंतिम चरण में 19 मई को मतदान है। गोड्डा के भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दूबे का घर भागलपुर में है, इस वजह से कहलगांव अनुमंडल के कार्यकर्ता गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभालने की तैयारी में लग गए हैं।
बक्सर के भाजपा प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे भी भागलपुर के रहने हैं। लिहाजा चौबे के समर्थक बक्सर चले गए हैं। बक्सर के प्रत्याशी ने वहां अपना संपर्क अभियान प्रारंभ कर दिया है। अंतिम चरण में दोनों सीटों पर चुनाव होने से कार्यकर्ता दोनों स्थानों के लिए बंटे हुए हैं। बेगूसराय के अलावा दरभंगा में कार्यकर्ताओं के जाने की चर्चा है। उधर, 18 अप्रैल को मतदान समाप्त होने के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बूथ और शक्ति केंद्र प्रभारियों से मतदान की रिपोर्ट ली है।
भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मांग कई जिलों से हो रही है। बक्सर भी भागलपुर से कार्यकर्ता जा रहे हैं। संगठन के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को दूसरे जिलों में भी भेजा जाएगा। युवा मोर्चा के प्रदेश सचिव गौतम कुमार उर्फ बंटी यादव ने कहा कि युवा मोर्चा की टीम बेगूसराय में गिरिराज सिंह के प्रचार में लगी है। लोकसभा मीडिया प्रभारी रोशन सिंह ने बताया कि तृतीय चरण के अररिया लोकसभा में भी पार्टी के कार्यकर्ता लगे हैं। वहां चुनाव संपन्न होने के बाद कार्यकर्ता बेगूसराय और दरभंगा जाएंगे।