जमुई में विस्फोटक के साथ भाजपा नेता गिरफ्तार, भारी मात्रा में अन्य सामग्री भी बरामद
BJP leader arrested with explosives in Jamui जमुई में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब उसने एक भाजपा नेता को विस्फोटक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जमुई, जेएनएन। जमुई पुलिस ने एक भाजपा नेता को विस्फोटक और अन्य सामग्री के साथ गिरफ्तार कर लिया। वह काफी दिनों ने इस पार्टी से जुड़ा हुआ है। वे अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता है। पुलिस को आशंका है कि विस्फोटक पदार्थ नक्सलियों को सप्लाई की जानी थी।
जानकारी के अनुसार, चकाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरौन मोड़ के समीप चकाई पुलिस ने रविवार सुबह विस्फोटकों की खेप ले जा रहे मु. मंसूर को गिरफ्तार किया है। वह भाजपा का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उसकी निशानदेही पर एक और युवक को गिरफ्तार किया गया है।
चकाई थाना में संवाददाता सम्मेलन के दौरान एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि गिरीडीह के चतरो की ओर से बाइक पर विस्फोटक सरौन के रास्ते ढुलमपुर ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर गई पुलिस ने सरौन बार्डर के समीप वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान चतरो की ओर से आ रहे एक बाइक सवार को रोका गया तो वह तेजी से भागने लगा। करीब पांच किमी दूर जाकर उसे पकड़ा गया। उसके पास से 600 जिलेटिन, दो क्वाइल कोडेक्स तार और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की गई। उसकी पहचान देवरी थाना के बरजो निवासी मु. मंसूर के रूप में हुई। वह चतरो भाजपा मंडल का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। मंसूर की निशानदेही पर चकाई पुलिस ने चकाई थाना के चितरडीह स्थित पुल के समीप से देवघर के देवीपुर निवासी बाइक सवार पप्पू मंडल को गिरफ्तार किया। मंसूर ने बताया कि वह पप्पू मंडल को विस्फोटक देने जा रहा था। पप्पू ने बताया कि मारगोमुंडा के एक व्यक्ति तक उसे ये विस्फोटक पहुंचाने थे। पुलिस दोनों आरोपितों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपितों के नक्सली कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। यद्यपि, जांच के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है। छापेमारी अभियान में चकाई थानाध्यक्ष राजीव तिवारी, अवर निरीक्षक सकलदेव ङ्क्षसह, बीएमपी जवान बलि अहमद खान, पारस कुमार, वीरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, वेंकटेंश कुमार और सीआरपीएफ के जवान शामिल थे।