बिहार जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव: मुंगेर में 14 पार्षदों में आठ की महत्पूर्ण संख्या पर बैठाया जा रहा गणित, नेताजी ने समीकरण को बताया हिट
बिहार जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव को लेकर मुंगेर में समीकरण बैठाया जाना शुरू हो गया है। 14 पार्षदों के बीच आठ की संख्या को लेकर चर्चा तेज है। दूसरी तरफ नेताजी इस समीकरण को हिट बता रहे हैं। दो महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं जो...
जागरण संवाददाता, मुंगेर: जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए अंदर ही अंदर राजनीतिक समीकरण की शुरुआत हो चुकी है। 14 पाषदों के बीच होने वाले वोटिंग को लेकर आठ की महत्वपूर्ण संख्या के लिए जोड़-घटाव का गणित शुरू हो गया है। इस बीच निर्वाचित चेहरों मे एक नेता जी हैं, जो स्वंय को इस समीकरण में फिट बताने लगे हैं। गिनती का आधार जाति के साथ साथ स्वयं को अनुभवी मानना हैं। इतना ही नहीं उनकी जीत के लिए उनके सिर पर प्रदेश के एक बड़े नेता जी का अशिर्वाद की चर्चा करने से भी वे नहीं चूक रहे है।
हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस सीट पर दो महिला पार्षदों की प्रबल दावेदारी की भी चर्चा जोरो पर है। ये महिला पार्षद राजनीतिक हस्ती के रूप में जानी जाती हैं। हालांकि, चुनाव को लेकर बातों का बतंगड़ बनाना जारी है। अध्यक्ष पद के लिए चर्चाओं में इस बार कई नए चेहरों की चर्चा है। चर्चा में यह भी है कि रजनीतिक हस्ती वाले एक महिला पार्षद स्वयं इस पद पर नहीं हैं और उन्होंने नए चेहरे को अध्यक्ष पद पर बिठानें के लिए जोड़ तोड की कवायद शुरू की दी है।
यह बता दें कि जिला परिषद अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने सूचना जारी कर दी है और 27 दिसंबर से तीन जनवरी के बीच चुनाव कराने का निर्देश डीएम को दिया है। गौरतलब है कि नव निर्वाचित जिला पार्षदों की सूची में इस बार महिलाओं की संख्या ज्यादा है। पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने अपने लिए आरक्षित सात सीटों से दो अधिक सीट पर जीत दर्ज की। जिला परिषद बोर्ड में इस बार महिला पार्षदों की संख्या नौ है। महिलाओं मे एकजुटता आई तो इस बात से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है कि मुंगेर के लिए अनारक्षित अध्यक्ष पद पर महिला ही हों।