Bihar Politics: कतरनी चूड़ा की घूस का आरोप लगाने वाले तीनों अध्यक्षों को RJD ने दिखाया बाहर का रास्ता, किया 6 साल के लिए निष्कासित
Bihar Politics राजद ने तीनों अध्यक्षों को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। तीनों ने पार्टी के बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि पटना और दिल्ली में बैठकर लोग भागलपुर के कतरनी चूड़े की डिमांड करते हैं। इसका विरोध करने पर पद मुक्त कर...
आनलाइन डेस्क, भागलपुर: राजद के शीर्ष नेताओं पर अनोखा आरोप लगाने वाले भागलपुर, नवगछिया और सबौर के युवा राजद जिलाध्यक्षों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राजद ने तीनों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। तीनों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने तीनों को निष्कासित किया है।
जारी पत्र में कहा गया है कि दोनों जिलाध्यक्षों को पहले पद मुक्त किया गया था। और एक मौका दिया गया था लेकिन इन्होंने अपनी बातें उचित स्थान पर न रखकर प्रेस वार्ता कर और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पार्टी विरोधी तथ्यों को बिहारभर में फैलाकर पार्टी की छवि धुमिल करने का काम किया है। इसलिए दोनों को दल विरोधी कार्य करने तथा अनुशासनहीनता के कारण दल के प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित किया जाता है।
यह भी पढ़ें: बिहार: डाक विभाग में काम कर रहे 30 कर्मचारी निकले फर्जी, सहरसा पोस्टल सर्किल में 2009-12 में हुए थे भर्ती
वहीं, सबौर प्रखंड के राजद अध्यक्ष गुड्डू यादव को जारी पत्र में कहा गया है कि इन्होंने युवा राजद भागलपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष मो. अशफाक आलम और नवगछिया जिला के पूर्व जिलाध्यक्ष कामतेश कुमार उर्फ मिंटू यादव के साथ प्रेस वार्ता में शामिल होकर पार्टी विरोधी तथ्यों को राज्यभर में फैलाने में साथ दिया।
राजद से निष्कासित किए गए नेता
- नवगछिया युवा राजद जिलाध्यक्ष कामतेश कुमार उर्फ मिंटू यादव
- सबौर प्रखंड अध्यक्ष राजद गुड्डू यादव
- युवा राजद जिलाध्यक्ष भागलपुर के मो. अशफाक आलम
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दोनों जिलाध्यक्षों को पार्टी ने पद मुक्त कर दिया था। इसके बाद मिंटू यादव और मो. अशफाक ने भागलपुर में प्रेस वार्ता कर पार्टी के शीर्ष नेताओं पर संगीन आरोप लगाए थे। इन्होंने कहा था कि पार्टी के लोग दिल्ली और पटना में बैठकर कतरनी चूड़ा, अंगवस्त्र और पैसों की डिमांड करते हैं। इसका विरोध जब दोनों ने किया तो पार्टी ने उनपर एक्शन लेते हुए पद छीन लिया।