Bihar Panchayat Chunav : मुंगेर, लखीसराय, जमुई और शेखपुरा में शांतिपूर्ण होगा चुनाव, उपद्रवियों की खैर नहीं
Panchayat Chunav In Munger डीआइजी ने चार जिलों के पुलिस पदाधिकारियों के साथ की बैठक जमुई एसपी को छोड़कर सभी जिलों के मुख्यालय डीएसपी हुए शामिल। जमुई जिले के झारखंड सीमा पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर नक्सल प्रभावित बूथों पर सुरक्षा का होगा पुख्ता इंतजाम।
संवाद सूत्र, मुंगेर। Panchayat Chunav In Munger : मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआइजी पकंज कुमार सिन्हा ने साफ कहा है कि पंचायत चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। किसी भी जिले में उपद्रवियों और स्थानीय दबंगों की एक नहीं चलेगी। चुनाव को लेकर पुलिस पुख्ता तैयारी कर रही है। प्रमंडल के नक्सल प्रभावित इलाकों पर विशेष नजर रहेगी। डीआइजी बुधवार को अपने कार्यालय में चार जिलों पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक में जमुई एसपी को छोड़कर सभी जिलाें के मुख्यालय डीएसपी मौजूद थे। सभी को पंचायत चुनाव को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। डीआइजी ने कहा कि चुनाव में पहले भी गड़बड़ी करने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई करें। जेल से बाहर निकले लोगों पर नजर रखें। जरूरत पड़े तो वैसे लोगों की जमानत रद कराने की कवायद करें।
पड़ोसी राज्य के बार्डर वाले पंचायत पर रखें नजर
लखीसराय, शेखपुरा और मुंगेर जिले के मुख्यालय डीएसपी पहुंचे थे। डीआइजी ने कहा इस पंचायत चुनाव में उपद्रवियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। चुनाव में महौल बिगाड़ने वालो को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। डीआइजी ने कहा कि जमुई का कुछ पंचायत पड़ोसी राज्य झारखंड से नजदीक है। ऐसे में विशेष नजर रखने की जरूरत है। चुनाव से पूर्व दागियों को चिहिंत कर सीसीए लगाने, जमानत रदीकरण, 107 की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया। अब तक शस्त्रों का सत्यापन नहीं कराने वाले लोगों को शस्त्र लाइसेंस रद करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
मतदान केंद्रों पर प्रयाप्त संख्या में बल होंगे तैनात
पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर डीआइजी ने पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा बलों का मौजूदा आकलन करने का निर्देश दिया है। मतदान केद्रों पर प्रयाप्त संख्या में पुलिस बलो को तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा चुनाव में होमगार्ड, पुलिस बल और बीएमपी के जवानों को लगाया जाएगा। जहां पुलिस बल कम होंगे वहां संख्या बढ़ाई जाएगी।