नेता बोले, मुख्यमंत्री की सकारात्मक सोच से ही बढ़ रहा राज्य
सबौर के बहादुरपुर हाई स्कूल में शुक्रवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश में राज्य में शिक्षा की दिशा दशा बदली है।
भागलपुर । सबौर के बहादुरपुर हाई स्कूल में शुक्रवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश में राज्य में शिक्षा की दिशा दशा बदली है। अब बेटियां पढ़ाई में आगे आ रही है। यह मुख्यमंत्री की सोच का नतीजा ही है गांव-गांव से बेटियां स्कूल जा रही है। स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था हुई है सुदृढ़ हुई है।
गन्ना विकास मंत्री बीमा भारती ने कहा, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। खास तौर से किसानों के मुद्दे पर सरकार की सोच सकारात्मक है। अब खेती किसानी में भी लोग दिलचस्पी ले रहे हैं। इसके उपरांत राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन ने कहा कि दिवंगत सुधा श्रीवास्तव को नाथनगर विधानसभा की जनता ने भरपूर स्नेह दिया था। सुधा जी के कार्यकाल में लक्ष्मीकांत मंडल सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने सभा में उपस्थित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देते हुए कहा कि लक्ष्मीकांत मंडल को पार्टी प्रत्याशी बनाकर यहां के कार्यकर्ताओं को गौरवान्वित करने का काम किया है। बाद में उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से लक्ष्मी मंडल को भारी मतों से जिताने की अपील की।
भागलपुर के सांसद अजय मंडल ने भी पार्टी प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने की लोगों से अपील की। कटिहार के एमपी दुलार चंद्र गोस्वामी ने भी सीएम नीतीश कुमार को बिहार का विकास पुरुष बताया। उन्होंने कहा यहां हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। उप चुनाव में भी हमारी भारी जीत होगी। एनडीए प्रत्याशी लक्ष्मी कांत मंडल ने भी चुनावी सभा में आए मुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से कहा हमें एक बार सेवा का मौका दें। तीर का बटन दबा कर भारी मतों से जिताएं।
भाजपा नेत्री प्रीति शेखर ने मुख्यमंत्री का बुके देकर स्वागत किया। मौके पर उन्होंने कहा जिले में डेंगू विकराल रूप धारण कर रहा है। उन्होंने जनहित में मुख्यमंत्री से डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक और सघन अभियान चलाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना। उनके आवेदन को पढ़ा और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। जदयू प्रदेश व्यावसायिक प्रकोष्ठ के नेता दीपक भुवानियां ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
जनसभा की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह एवं संचालन लोजपा के जिलाध्यक्ष अमर सिंह कुशवाहा किया। मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री शैलेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, पंचम श्रीवास्तव, जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ट के महानगर अध्यक्ष जय प्रकाश मंडल, शिव शंकर निषाद, राजेश कुमार निषाद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।