Bihar Cabinet Expansion: नीतीश के MLA ने कहा- आखिर मुझमें क्या कमी थी, CM का करीबी तो मैं भी था
Bihar Cabinet Expansion गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल को मंत्री नहीं बनाये जाने पर उन्होंने दुख व्यक्त किया है। वे लगातार चौथी बार विधायक बने हैं। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से छह विभागों में से एक विभाग देने की मांग की थी।
भागलपुर, बलराम मिश्र। नीतीश सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है। जदयू के आठ तो भाजपा के नौ विधायक और दो एमएलसी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। मंत्रिमंडल विस्तार में भागलपुर की झोली खाली रह गई। मंत्री पद की आस लगाए भागलपुर जिले के गोपालपुर विधानसभा से लगातार चौथी बार विधायक बने नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल को भी जगह नहीं मिली। गोपाल मंडल ने बताया कि आलाकमान से आश्वासन मिला था। वे पिछले एक सप्ताह से पटना में ही कैंप किए हुए हैं। मंत्री पद नहीं मिलने पर आश्चर्यचकित हूं। वे शीघ्र ही जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मिलेंगे। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री से मंत्री पद देने का आग्रह करेंगे या किसान प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाने का अनुरोध करेंगे। ताकि पूरे बिहार में नेता के रूप में काम कर सकें।
बोले - मैं जाति के सबसे मजबूत नेता
जदयू विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि वे सीएम नीतीश कुमार के करीबी हैं। पूरे बिहार में जाति के सबसे मजबूत नेता हैं। उनकी दावेदारी अन्य सभी विधायकों से ज्यादा मजबूत है। उन्होंने कहा कि मंत्री बनने को लेकर आश्वस्त था। अंतिम समय में नाम कैसे कट गया यह समझ में नहीं आ रहा है।
नए मंत्रियों पर इशारे-इशारे में किया कटाक्ष
जदयू विधायक ने इशारे-इशारे में ही पहली बार विधानसभा पहुंचने वाले कुछ विधायकों के मंत्री बनने पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो पहली बार विधानसभा पहुंचकर कम उम्र वाले नेता मंत्री बन रहे हैं तो उन्हें भी मौका मिलना चाहिए था। अभी छह मंत्रालय बाकी है, जिसमें मंत्री बनाने को लेकर एक बार आलाकमान को सोचना चाहिए। इलाके के लोगों को मंत्री पद को लेकर आस है।
हाल ही में अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे थे विधायक
विधायक गोपाल मंडल हाल ही में बिहपुर विधायक ई. शैलेन्द्र से हुए विवाद के बाद लगातार बयानों के कारण विवादों में आ गए थे। उनका कई ऑडियो वायरल हुआ था। एक बार अपने पार्टी के बड़े नेताओं पर टिप्पणी कर बुरे फंसे थे। उन्हें कई बार अपनी सफाई देनी पड़ी थी। लगातार विवादों के कारण आलाकमान ने उन्हें पटना भी तलब किया था। ऐसे में माना जा रहा है, इन्हीं विवादों के कारण गोपाल मंडल को मंत्री पद नहीं दिया गया है। पिछले दिनों गोपाल मंडल ने भागलपुर जिला के भाजपा जिलाध्यक्ष सह भागलपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडेय पर भी कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि रोहित पांडेय की हार उन्हें अभिवादन नहीं करने के कारण हुई।
दिल्ली से सीएम के लौटने के बाद अपनी दावेदारी पेश करेंगे गोपाल मंडल
नीतीश मंत्रीमंडल में जगह नहीं मिलने से गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल बेचैन हो गए हैं। गुरुवार को सीएम नीतीश कुमार से मिलकर अपनी दावेदारी पेश करना चाहते थे, लेकिन उनसे मिल नहीं पाए। विधायक ने बताया कि सीएम अचानक दिल्ली निकल रहे थे। इस कारण मुलाकात नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मंत्री मंडल की आस अभी भी है। दिल्ली से लौटने के बाद सीएम से मिलकर अपना दावा पेश करेंगे। इस बीच उन्होंने जदयू के प्रदेश पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से मुलाकात कर अपनी बातें रखी।