Bihar Assembly Elections 2020 : गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पहुंचे भागलपुर, कहा-भू-माफिया बिगाड़ रहे शहर की सूरत
Bihar Assembly Elections 2020 भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार को नाथनगर के विभिन्न इलाके का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया।
भागलपुर, जेएनएन! Bihar Assembly Elections 2020 : विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं ने क्षेत्र का दौरा शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने नाथनगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कौशिकी नाथ झा लेन स्थित शक्ति केंद्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भागलपुर शहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मार्ट सिटी की सूची मे पहले नंबर पर रखा था लेकिन इसके बाद भी इसका विकास नहीं हो सका है। इसका एक कारण शहर का बेतरतीब तरीके से बसा होना और दूसरा कारण भू-माफिया की मनमानी है। भू-माफिया को जहां भी भूखंड मिल रहा है, वह वहीं पर जैसे-तैसे कॉलोनी बसा रहे हैं। इसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ता है। उन्हें इस बात की जरा भी चिंता नहीं है कि वहां के पानी की निकासी कैसे होगी। सड़क कैसे बनेगी।
सांसद ने कहा कि इस बार विधानसभा का चुनाव जितने के बाद जब सरकार सत्ता में आएगी तो शहर की दशा-दिशा बदलेगी। उन्होंने कहा कि भागलपुर से मिर्जाचौकी तक जाने वाली सड़क अब फोरलेन बनेगी। इससे लोगों को आवाजाही में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि एनडीए गठबंधन के जिस किसी को टिकट मिलेगा उसे हमलोग मिलकर जीताने का भरपूर प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन मे टिकट वितरण का काम सभी दल के आलाकमान करते हैं। गठबंधन मे किस पार्टी से किसको टिकट मिलेगा, ये अभी कहना मुश्किल है।
भागलपुर के सांसद की खूब की तारीफ
गोड्डा सांसद ने इस दौरान भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल की खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि वे अच्छे आदमी हैं। भागलपुर के विकास के लिए हमेशा चिंतित रहते हैं। जहां भी थोड़ी-बहुत कमी होगी उसको हमसब लोग मिलकर दूर करेंगे। एक सवाल के जवाब मे उन्होंने कहा कि तेजस्वी अपने पिता के नाम पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, पवन मिश्रा, गौरव दास, अनूप लाल साह, मंतोष कापड़ी, कन्हाई मंडल, बंटू झा, आशीष सिंह, अरुण साह, अजय साह, विकास यादव, जीवन कुमार, सुनील बुधिया, लक्की राज, हेमंत कुमार, सूरज कुमार आदि मौजूद थे।
व्यवसायियों से रूबरू हुए निशिकांत
गोड्डा के सांसद बुधवार की देर शाम गोशाला में शक्ति केंद्र सह संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। सांसद ने कहा कि एनडीए के कार्यकाल में हर क्षेत्र में काम हुए हैं। उन्होंने व्यापारियों से एनडीए को मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान गोशाला के महामंत्री गिरिधारी केजरीवाल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक भिवानीवाला, अभिषेक जैन, अश्विनी जोशी मोंटी सहित कई व्यापारी थे। दूसरी ओर आदमपुर में भी सांसद लोगों से मिले और चुनाव में एनडीए के पक्ष में गोलबंद किया।