Bihar Assembly Elections 2020 : रथ पर सवार होकर पहुंचेंगे दिव्यांग मतदाता, भागलपुर में कुछ इतने हैं मतदाता
Bihar Assembly Elections 2020 भागलपुर और नवगछिया इलाके में सात विधानसभा क्षेत्र हैं। इस बार दिव्यांग मतदाता रथ की व्यवस्था की जाएगी। जिसपर दिव्यांग को घर से मतदान के लिए लाया जाएगा। उन्हें घर भी पहुंचाया जाएगा।
भागलपुर, जेएनएन। Bihar Assembly Elections 2020 : इस बार रथ पर सवार होकर दिव्यांग मतदाता मतदान के लिए आएंगे। जिस मतदान केंद्र पर 50 से अधिक मतदाता हैं, उस मतदान केंद्र पर दो रथों की व्यवस्था रहेगी। 423 मतदान केंद्रों पर दस से अधिक मतदाता हैं। इन मतदान केंद्रों पर एक रथ की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक आदर्श दिव्यांग मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं।
दिव्यांग मतदाता रथ होगा आकर्षक
इस बार विधानसभा चुनाव में दिव्यांग मतदाता रथ आकर्षण का केंद्र रहेगा। उसे सजाया जाएगा। पीछे लिखा रहेगा दिव्यांग मतदाता रथ। इसके लिए गाडिय़ों की खोज शुरू कर दी गई है। इस सवार मतदाता को गर्व की अनुभूति होगी।
सात आदर्श दिव्यांग मतदान केंद्र बनेंगे
जिले में सात विधानसभा क्षेत्र में सात आदर्श दिव्यांग मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। भागलपुर क्षेत्र में पांच और नवगछिया क्षेत्र में दो विधानसभा हैं। इसकी सूची तैयार की जा रही है। इन मतदान केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। बैलून का गेट बनाया जाएगा। बिजली, पानी, शौचालय व रैंप के साथ मतदाताओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इस मतदान केंद्र पर दिव्यांगों को घर से लाने और उन्हें घर तक पहुंचाने के लिए दो रथों की व्यवस्था रहेगी। साथ ही व्हील चेयर की भी व्यवस्था की जा रही है।
बैलेट पेपर की भी होगी व्यवस्था
जो दिव्यांग मतदाता बूथ तक जाना नहीं चाहते हैं, उनके लिए बैलेट पेपर की व्यवस्था होगी। इसके लिए दिव्यांग मतदाता को एक फॉर्म भरकर सबंंधित निर्वाचन पदाधिकारी के पास जमा करना है। अगर वे बूथ पर जाकर मतदान करना चाहते हैं तो भी फॉर्म भरकर जमा करना होगा। इसके लिए मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है।
विस क्षेत्र-दिव्यांग मतदाता-पुरुष-महिलाएं
बिहपुर-1781-1378-403
गोपालपुर-1930-1457-472
पीरपैंती-1105-827-278
कहलगांव-2182-1605-577
भागलपुर-1760-1067-693
सुल्तानगंज-869-649-220
नाथनगर-1784-1283-465
मुख्य बातें
-423 बूथों पर दस से अधिक दिव्यांग मतदाता
-1572 मतदाता नेत्रहीन
-793 मतदाता बधिर
-6833 मतदाता पैर से लाचार
-2453 मतदाता अन्य कारणों से दिव्यांग
-58 मतदाता बहु दिव्यांग