Bihar Assembly Election 2020 : नीतीश ने जनता को सब्जबाग दिखाकर दिया धोखा : राज बब्बर
Bihar Assembly Election 2020 कांग्रेस नेता राज बब्बर ने बांका अररिया और लखीसराय में की चुनावी सभाएं की। उन्होंने कांग्रेस सहित महागठबंधन के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि बिहार-झारखंड में लगे कल-कारखाने कांग्रेस की देन है। वर्तमान सरकार ने तो सिर्फ बेरोजगारी दी है।
भागलपुर, जेएनएन। Bihar Assembly Election 2020 : फिल्म अभिनेता और कांग्रेस के वरीय नेता राज बब्बर ने मंगलवार को कहा है कि विकास के लिए परिवर्तन जरूरी है। नीतीश कुमार जनता को सब्जबाग दिखाकर हमेशा धोखा देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने बांका के पूर्व सांसद स्व. दिग्विजय सिंह का टिकट काटा। बिहार-झारखंड में लगाए गए कल-कारखाने कांग्रेस की देन हैं। पिछले 15 वर्षों में राज्य सरकार ने राज्य को हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया।
उन्होंने कहा कि जो योजनाएं अब तक पूरी हो जानी चाहिए थीं, उनपर कुछ दिनों पूर्व काम शुरू हुआ है। अब योजनाओं की झड़ी लगा दी गई है। सत्ता में बैठे नेता जनता के लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपने लाभ के लिए योजनाएं शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिथिला की धरती से अपने भाषण में चिल्लाकर जनसभा में नियोजित शिक्षकों को धमकी देने वाली सरकार की भाषा चुनाव के समय में बदल गई है।
उपमुख्यमंत्री जब बाढ़ में डूब गए तो उन्हें राहत कर्मियों ने बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि चमकी बुखार में रोती-बिलखती मां के आंसू बिहार के सुशासन का चित्रण कर रही है। लोकतंत्र का नाम लेकर आने वाली सरकार अब राजतंत्र की तरह बर्ताव कर रही है।
राजबब्बर बांका के अमरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह, अररिया के फारबिसगंज में जाकिर हुसैन खान और लखीसराय के बड़हिया में अमरेश कुमार अनीस के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। सभा को राज्यसभा सदस्य अखिलेश सिंह, पूर्व मंत्री तारिक अनवर व कांग्रेस के बिहार के चुनाव प्रभारी वीरेंद्र सिंह राठौर ने भी संबोधित किया।
अपने संबोधन में राज बब्बर में कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद ही इस राज्य का विकास होगा। बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। कल कारखाने आदि लगेंगे। स्वास्थ्य और शिक्षा सेवा बेहतर किया जाएगा। शिक्षकों को न्याय मिलेगा। उन्होंने महागठबंधन प्रत्याशी को वोट देने की अपील लोगों से की।