Bihar Assembly Election 2020 : भागलपुर में तीन जगहों पर हुई चिराग की सभा, बोले- CM नीतीश नहीं चाहते राज्य में रहकर युवा तरक्की करे
Bihar Assembly Election 2020 भागलपुर जिले में आज लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान की तीन विधानसभाओं में चुनावी सभा हुई। उन्होंने लोजपा प्रत्याशी के लिए लोगों ने वोट मांगा। अपने भाषण में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की काफी आलोचना की।
भागलपुर, जेएनएन। Bihar Assembly Election 2020 : लोजपा सुप्रीमो सांसद चिराग पासवान ने शुक्रवार को भागलपुर की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नीतीश नहीं चाहते कि बिहार में लड़के-लड़की पढ़े। अगर पढ़-लिख जाएंगे तो उनसे सवाल करने लगेंगे। जैसे मैने विकास मसले पर सवाल पूछना शुरू किया तो वह भड़क गए। हम लोगों के साथ हो गए। बिहार में शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य की बदहाल स्थिति के लिए उन्होंने सीधे तौर पर नीतीश को जिम्मेवार माना। उन्होंने कहा कि यहां से लोग दूसरे राज्यों में मजबूरी में जा रहे हैं इसलिए कि यहां रोजगार नहीं। कल-कारखाने नहीं खोले जा रहें। शिक्षा की खराब व्यवस्था है। स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर नहीं है। नीतीश कुमार ने राज्य को कापी पीछे ढकेल दिया है।
चिराग पासवान ने लोगों से सवाल किया कि यहां से तो हजारों लोग बाहर कमाने जाते हैं। दूसरे राज्यों के लोग यहां आते हैं क्या? लोगों ने जवाब में हाथ उठाकर कहां नहीं। यहां विकास ही नहीं है तो रोजगार कहां से आएगा। चिराग ने कहा कि अभी चंद दिन पहले प्रधानमंत्री भागलपुर आए थे। तब नीतीश कुमार ने बिहार की तरक्की का बखान किया था। हर गली, जल-नल, सात निश्चिय योजना आदि की जानकारी दी। क्या ऐसा हुआ है? लोगों ने कहा शोर मचाकर कहा कि उनके घरों तक योजना वाला काम पहुंचा ही नहीं। योजना में लूट मची है। चिराग लोगों की भीड़ देख गदगद थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार आएगी तो सबसे पहले सात निश्चय योजना में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराएंगे। नीतीश कुमार को जेल भेजेंगे। नीतीश कहते हैं कि बिहार समुद्र के किनारे नहीं है इसलिए अन्य राज्यों की तुलना में कम विकास हुआ। हम पूछते हैं कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा कौन से समुद्र किनारे बसा है जो वहां विकास की गंगा बह रही है। लोग तरक्की कर रहे हैं। हमारी सरकार आएगी तो उद्योग धंधे और पर्यटन को बढ़ावा देंगे। कल-कारखाने खोले जाएंगे। युवाओं को बेहतर शिक्षा और सबके लिए बेहतर स्वास्थ्य की व्यवस्था बिहार में करेंगे। उन्होंने बिहार फस्र्ट, बिहारी फस्र्ट की सोच को बताया।
उन्होंने कहा कि भागलपुर में सिल्क उद्योग और पर्यटन की आपार संभावनाएं हैं। बुनकर भाइयों के ठप पड़े रोजगार को बेहतर अवसर दिलाएंगे। चिराग अपने संबोधन में भावुक भी हुए, कहा कि पापा जब जिंदा थे तो सभा के बाद उनका फोन आता था। पूछा करते थे कि कैसी रही सभा? लोगों का क्या रुख था? अब वो नहीं रहें लेकिन इस बेटे को इतना हौसला देकर गए हैं कि अकेले घूम रहे हैं। पापा कहते थे कि शेर का बच्चा होगे तो जंगल चीर कर बाहर निकलोगे। मैं पापा के उस संकल्प और सोच को अकेले कुशासन राज्य में जंगल चीर कर बाहर निकल रहा हूं। उन्होंने लोजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील लोगों से की। सभा को भागलपुर विधानसभा के प्रत्याशी राजेश वर्मा, नाथनगर विधानसभा के प्रत्याशी अमर सिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया। चिराग पासवान ने आज भागलपुर में तीन सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने भागलपुर विधानसभा के सैंडिस कंपाउंड में, गोपालपुर विधानसभा के उच्च विद्यालय गोपालपुर और नाथनगर विधानसभा के लोकनाथ उच्च विद्यालय जगदीशपुर में सभा को संबोधित किया।