बिहार विधानसभा उपचुनाव 2021: चिराग पासवान के 'हेलीकॉप्टर' के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी, तारापुर के लिए कही ये बात
बिहार विधानसभा उपचुनाव 2021 के लिए एलजेपी (रामविलास) ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। चिराग पासवान ने दोनों रिक्त सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया भी दी है। जमुई लोकसभा सीट अंतर्गत आने वाली तारापुर विधानसभा सीट पर...!
आनलाइन डेस्क, भागलपुर। बिहार विधानसभा उपचुनाव 2021 में तारापुर और कुशेश्वरस्थान के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। हेलीकॉप्टर सिंबल के साथ दोनों सीटों से उम्मीदवारों का ऐलान पार्टी द्वारा पहले ही कर दिया गया था। चिराग पासवान (Chirag Paswan) के संसदीय क्षेत्र जमुई के अंतर्गत आने वाली तारापुर विधानसभा सीट हॉट सीट बन चुकी है। ऐसे में पार्टी की नजर इस ओर ज्यादा है। चिराग पासवान ने इस बाबत कहा कि पार्टी बड़ी जीत दर्ज करेगी।
एक नजर स्टार प्रचारकों पर
एलजेपी (आर) के स्टार प्रचारकों में चिराग पासवान के साथ-साथ 20 नेता शामिल हैं। इनमें पूर्व विधायक राजू तिवारी, प्रधान महासचिव संजय पासवान, पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडे, संजय सिंह, संजय रविदास, शंकर झा, शाहनवाज अहमद, कैफी, प्रणव कुमार, आसिम खान, अरविंद सिंह, सत्यानंद शर्मा, अजय कुशवाहा, सुरेंद्र विवेक, राकेश रोशन, शुभम पासवान, इंदु कश्यप, रेणु कुशवाहा, पूर्व सांसद इमाम गजाली के साथ मुख्य प्रवक्ता अशरफ अंसारी शामिल हैं। ये सभी दोनों सीटों के लिए प्रचार प्रसार और चुनावी सभाओं संबोधित करते दिखाई देंगे।
तारापुर विधानसभा सीट पर दिलचस्प होगा मुकाबला!
मुंगेर जिले के तारापुर पर सभी की निगाहें हैं। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि जदयू इसे अपना गढ़ मानती है। 2010 से लगातार जदयू यहां से जीत दर्ज कर रही है। पार्टी नेता बार-बार ये कहते आ रहे हैं कि ये सीट उनकी परंपरागत सीट है। यही वजह है कि एनडीए ने इस बार भी यहां से जदयू उम्मीदवार को हरी झंडी दी। चेहरे बदले हैं तो सियासत भी बदलेगी, ऐसा राजनीतिक पंडित कह रहे हैं।
दरअसल, उपचुनाव में सभी पार्टियों के उम्मीदवारों ने नए कैंडिडेट पर भरोसा जताया है। जाप से कौन लड़ेगा, ये खबर लिखे जाने तक तय नहीं हुआ है। जदयू से राजीव सिंह, राजद से अरुण कुमार साह, कांग्रेस से राजेश मिश्रा, लोजपा (आर) से चंदन सिंह चुनावी मैदान में दिखाई देंगे। तारापुर में सभी पार्टी के नेताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है।