बिहार विधानसभा उपचुनाव: तारापुर में परिंदा भी नहीं मार सकेगा पर, सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
बिहार विधानसभा उपचुनाव 30 अक्टूबर दिन शनिवार को प्रदेश के दो निर्वाचन क्षेत्रों में होना है। मुंगेर के तारापुर विधानसभा सीट की बात करें तो यहां सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। खुद अधिकारी समीक्षा करते हुए दिखाई दिए...
जागरण टीम, तारापुर (मुंगेर) : तारापुर में उप चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पूरे विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस अफसर और जवान रहेंगे। चुनाव के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस के कर्मी पूरी चौकसी बरतेंगे। सभी सेक्टरों में दंडाधिकारी, पुलिस अफसर गश्त लगाएंगे। जोनल मजिस्ट्रेट भी अपनी ड्यूटी निभाएंगे। शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए तारापुर और हवेली खडग़पुर अनुमंडल में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी नवीन कुमार व एसपी जग्गुनाथ रेड्डी जलारेड्डी सहित अन्य अधिकारी मंतदान की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सभी क्षेत्र के मतदान केंद्रों का जायजा लिया।
संबंधित जवानों और पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने असरंगज, हवेली खडग़पुर, टेटिया बंबर, तारापुर, संग्रामपुर प्रखंड में बने मतदान केंद्रों का जायजा लिया। वरीय अधिकारी मतदान केन्द्रों पर जाकर विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए तैनात अधिकारियों और पुलिस अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए।
- तारापुर में वोटिंग को लेकर ला एंड ऑर्डर चुस्त दुरुस्त
- मतदान केंद्र के पास टाइट होगी सिक्योरिटी
- विधि व्यवस्था भंग करने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
- बूथ के आसपास पुलिस गश्ती भी सुनिश्चित की गई है।
तारापुर उपचुनाव- हाट सीट बन गया मुंगेर का ये निर्वाचन क्षेत्र
- तारापुर में 30 अक्टूबर दिन शनिवार को वोटिंग की जाएगी।
- 28 अक्टूबर को चुनाव प्रचार का शोर थम गया।
- त्योहारी माहौल के बीच यहां होने वाली वोटिंग पर सभी की निगाहें हैं।
- साल 2010 में यहां 53.9 फीसद मतदान हुआ था।
- 2015 में 52 प्रतिशत, जबकि 2020 में 55.12 प्रतिशत मतदान हुआ।
पिछले तीन चुनावों के नतीजों की बात करें तो 2010 में नीता चौधरी ने राजद के शकुनी चौधरी को हराया था। 2015 में मेवालाल चौधरी ने हम से खड़े शकुनी चौधरी को हराया। 2020 में मेवालाल चौधरी ने राजद के दिव्या प्रकाश को हराया था।
मतदाता और जनसंख्या पर एक नजर डालें तो यहां वोटरों की संख्या 3 लाख 10 हजार है, जिनमें पुरुष वोटर 1.68 लाख और महिला वोटर 1.42 लाख हैं।