ब्राउन शुगर के तस्करों पर भागलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 61 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त, दो गिरफ्तार
ब्राउन शुगर के तस्करों के खिलाफ भागलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग अलग जगहों पर छापेमारी कर 61 पुडि़या ब्राउन शुगर जब्त किया है। साथ ही दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। रेशम नगरी के जोगसर थाना क्षेत्र में बुधवार को 53 और बरारी थाना क्षेत्र के सुरखीकल मोहल्ले से 18 पुड़िया गांजा के साथ दो लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। जोगसर से प्रेम कुमार यादव और बरारी सुरखीकल से प्रिंस अशु की गिरफ्तारी हुई है।
इनमें प्रिंस अंशु ब्राउन शुगर का लती भी पाया गया है। गिरफ्तारी के चंद घंटे बाद ही उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और उसके शरीर में ऐंठन होने लगी। कुछ देर में वह जमीन पर लेटकर छटपटाने लगा। उसकी हालत बिगड़ती देख बरारी पुलिस आनन-फानन में जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया है।
वहां पुलिस अभिरक्षा में चिकित्सकों का दल उसका उपचार कर रहा है। चिकित्सकों ने उसकी हालत मादक पदार्थ का लती होने के कारण खराब बताई है। बरारी पुलिस सुरखीकल नंद लाल मिश्रा लेन स्थित उसके घर वालों को सूचना दे मौके पर बुला लिया। दिव्यांग अंशु स्टील स्टिक का सहारा लेकर आवाजाही करता था। पुलिस टीम दो दिनों से उसकी टोह में थी।
गिरफ्तारी बाद अचानक उसकी तबियत बिगड़ जाने के कारण बरारी पुलिस ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत को उसके गिरफ्तार होने और अचानक तबियत बिगड़ जाने पर जवाहरल लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराने की प्रतिवेदन के माध्यम से जानकारी दे दी है। उसे उपचार बाद स्वस्थ्य होने पर न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की कवायद की जाएगी।
उधर जोगसर थाना क्षेत्र के कोयलाघाट स्थित पुराने मकान के पीछे ब्राउन शुगर बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम कुमार यादव के पास से 53 पुड़िया ब्राउन शुगर के अलावा सिल्वर पेपर, इलेक्ट्रानिक वेट मशीन, सिगरेट आदि बरामद किया गया है। मौके से ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे कई लड़के वहां से भाग निकलने में सफल रहे। जोगसर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनवी और बरारी थानाध्यक्ष अमित कुमार की माने तो दोनों आरोपित पूर्व में जेल जा चुके हैं।