जमुई पुलिस और सीआपीएफ की बड़ी कार्रवाई... भेलवाघाटी से नक्सली गिरफ्तार
जमुई पुलिस और सीआरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ नक्सली को गिरफतार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुखदेव मुर्मू पूर्व में भी भेलवाघाटी थाना में दर्ज एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस सुखदेव की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडीह(जमुई)। आम्र्स एक्ट मामले के आरोपित एक नक्सली को चकाई और भेलवाघाटी पुलिस ने सीआरपीएफ के सहयोग से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि वर्ष 2018 में चकाई थाना क्षेत्र के बरखुटिया जंगल से सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियार एवं गोली बरामद किया था।
सुखदेव मुर्म को बनाया गया था आरोपित
इस मामले में चकाई थाना में मामला दर्ज किया गया था जिसमें भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के सुखदेव मुर्मू को आरोपित बनाया गया था। जिसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी खोजबीन कर रही थी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी क्रम में बुधवार को सूचना मिली कि वह अपने भेलवाघाटी स्थित घर पर है। जिसके बाद भेलवाघाटी सीआरपीएफ कैंप के सहायक कमांडेंट अजय कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
चकाई और भेलवाघाटी की पुलिस थी टीम में शामिल
टीम में चकाई एवं भेलवाघाटी पुलिस को शामिल किया गया। इधर, गठित टीम ने भेलवाघाटी स्थित नक्सल कांड के आरोपित सुखदेव मुर्मू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार सुखदेव मुर्मू से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुखदेव मुर्मू पूर्व में भी भेलवाघाटी थाना में दर्ज एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस सुखदेव की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है। गिरफ्तारी अभियान में चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी, अवर निरीक्षक संजय कुमार यादव, भेलवाघाटी थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार एवं चकाई तथा भेलवाघाटी के सीआरपीएफ जवान शामिल थे।
पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप
वहीं, पुलिस और सीआरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है। सूत्रों की माने तो पुलिस अभी लगातार इस तरह की कार्रवाई करने की तैयारी में है। साथ ही जंगली इलाके में सर्च ऑपरेशान भी चलाई जा सकती है।