मोहन भागवत देंगे सामाजिक समरसता का संदेश, युवा वर्ग पर रहेगा फोकस
संघ प्रमुख भागलपुर में तीन दिन रहेंगे। उनके आवासन स्थल की सुरक्षा की कमान सीआईएसएफ और जिला पुलिस बल ने संभाल ली है। संघ के अधिकारी पूरी गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।
भागलपुर (जेएनएन)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक (संघ प्रमुख) डॉ. मोहन भागवत संध्या सवा छह बजे देवघर से भागलपुर पहुंचे। वे अगले दो दिनों तक (20 नवंबर) भागलपुर में सामाजिक समरसता बनाए रखने, समाज के अधिकांश लोगों को संघ की शाखाओं से जोडऩे और संघ की विचारधारा को निचले स्तर तक के लोगों तक पहुंचाने का संदेश देंगे। संघ प्रमुख का फोकस युवा वर्ग होगा। वे देश के विकास में युवाओं के योगदान का भी आह्वान करेंगे। संघ प्रमुख स्थानीय खलीफाबाग चौक स्थित नीरज शुक्ला के आवास पर ठहरे हुए हैं। उन्हें जेड प्लस की सुरक्षा प्राप्त है।
यहां पहुंचने पर प्रांत प्रचारक राणा प्रताप, जिला संघचालक प्रो. राणा प्रताप सिंह, नगर संघचालक डॉ. चंद्रशेखर साह सहित शुक्ला परिवार और संघ के शीर्ष अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। संघ प्रमुख भागलपुर में तीन दिन रहेंगे। उनके आवासन स्थल की सुरक्षा की कमान सीआईएसएफ और जिला पुलिस बल ने संभाल ली है। सोमवार को संघ प्रमुख कार्यक्रम स्थल आनंदराम ढांढनिया सरस्वती विद्या मंदिर में दो अलग-अलग सत्रों मे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
पहले सत्र में चयनित कार्यकर्ता परिवार के सदस्यों से मिलेंगे। इस सत्र में करीब तीन सौ सदस्य रहेंगे। संघ की व्यवस्था के तहत 60 पास (आमंत्रण कार्ड) जारी किए गए हैं। दूसरे सत्र में संघ प्रमुख का बौद्धिक होगा जिसमें भागलपुर और बांका के करीब छह सौ निष्ठावान कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। इसके पूर्व आवासन स्थल की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने जांच की।
संघ प्रमुख के आगमन के बाद परिवार के सदस्यों को छोड़कर शेष किसी भी लोगों को अंदर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। संघ प्रमुख को देवघर से भागलपुर लाने के लिए प्रांतीय मीडिया प्रमुख गए थे। अलीगंज चौक से ही जिला पुलिस बल की सुरक्षा थी। उनके आगे-पीछे करीब दो दर्जन वाहनों का काफिला चल रहा था। जिला एवं केंद्रीय बल के जवानों ने आवासन स्थल की जांच मेटल डिटेक्टर से की।