BJP Office Bhagalpur : भागलपुर के भाजपा कार्यालय में लटका है ताला, सड़कों पर हो रहे कार्यक्रम
एक वर्ष पूर्व नवनिर्मित भाजपा कार्यालय बंद पड़ा है। चुनाव के दौरान कुछ कार्यक्रम कार्यालय में हुए थे। इसके बाद से सारे कार्यक्रम सड़कों पर हो रहे हैं। भागलपुर में जीरोमाइल के पास सबौर रोड में भाजपा का भव्य कार्यालय है।
भागलपुर, जेएनएन। विधानसभा चुनाव के बाद से भाजपा कार्यालय में ताला लटका हुआ है। कार्यकर्ताओं की बात तो दूर जिले के पदाधिकारी भी कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। कार्यालय की देखरेख के लिए केयर टेकर तक की व्यवस्था नहीं है। भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि दो दिसंबर के बाद कार्यालय नियमित रूप से खुलेगा। इसके बाद से लगातार बैठकें होगी।
विधानसभा चुनाव में तीन सीट पर कब्जा जमाने के बाद भी भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित नजर नहीं आ रहे हैं। यही कारण है कि कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक गतिविधियां कम हो गई है। चुनाव के बाद से जिला कार्यालय बंद पड़ा है। कार्यालय में धूल की परतें मोटी पड़ गई है। साफ-सफाई करने वाला कोई नहीं है। दो तल्ला भाजपा कार्यालय की देखरेख के लिए केयरटेकर तक की व्यवस्था नहीं है। कार्यालय मंत्री और सह मंत्री कार्यालय देखने तक नहीं पहुंच रहे हैं। सोमवार को दोपहर तीन बजे के करीब भाजपा कार्यालय में एक भी व्यक्ति नजर नहीं आए।
मुख्य दरवाजे में ताला लटका हुआ था। दरवाजे पर धूल जमा था। ऐसा लग रहा था कि कार्यालय महीनों से बंद है। चुनाव के बाद भाजपा की ओर से दो-तीन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लेकिन सभी कार्यक्रम सड़कों पर आयोजित किया गया। आभार यात्रा हो या फिर सरकार के गठन के बाद का कार्यक्रम, सड़कों पर हुआ। भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि दो दिसंबर को पटना में बैठक है। इसके बाद कार्यालय में नियमित रूप से बैठक होगी। उन्होंने बताया कि कार्यालय के लिए केयर टेकर की व्यवस्था की जा रही है। बाहर से आने वालों के ठहरने की व्यवस्था वहीं होगी। कार्यालय में सारी सुविधाएं उपलब्ध है।
यहां बता दें कि भाजपा के जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय खुद इस बार भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी थे। वे पहली बार चुनाव लड़ रहे थे। उन्हें भागलपुर विधानसभा के विधायक सह कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा ने लगभग एक हजार मतों के अंतर से हरा दिया। चुनाव के दौरान प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार को जिला का कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया है।