Bhagalpur Weather Update: 12 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान, तीन किमी की रफ्तार से चल रही हवा
Bhagalpur Weather Update ठंड का प्रकोप जारी है। कोसी सीमांचल और पूर्व बिहार में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर अभी जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि...
संवाद सहयोगी, भागलपुर। Bhagalpur Weather Update: कोसी, सीमांची और पूर्व बिहार में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मौसम का ये हाल भागलपुर के अलावा, बांका, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, खगडि़या, मधेपुरा, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, अररिया और किशनगंज में बना हुआ है।
मंगलवार को रहा सबसे अधिक सर्द दिन
मौसम का सबसे सर्द दिन रहा मंगलवार। सुबह से ही हवा के झोंके मौसम को सर्द बना रहे थे। कई दिनों से हवा शांत थी। इस वजह से मौसम में कोई तब्दीली नहीं दिख रही थी। हवा में हलचल होते ही ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि तीन किलो मीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के कारण न्यूनतम पारा लुढ़ककर 12 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 24 नवंबर को भी न्यूनतम तापमान गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस हो गया था।
दोपहर बाद धूप खिलने से मिला लोगों को राहत
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार दिन में धूप रहने के कारण ठंड का असर नहीं रहा।
मौसम विज्ञानी डा. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम में सर्दी अब रोज बढ़ेगी। तापमान गिरेगा। इसका पुर्वानुमान पहले ही किया गया था। दिसबंर का पहला सप्ताह समाप्त होते होते ठंड अपने रो में होगी। फिलवक्त बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन कहीं-कहीं कोहरा छाएगा। छिटपुट बादल भी छाए रहेंगे। बीच-बीच में धूप छांव की स्थिति बनी रहेगी। हवा की दिशा बदलती रहेगी। हालांकि हवा की गति कम होगी। गति बढ़ते ही कनकनी बढ़ जाएगी। रोज पारा गिरने की प्रबल संभावना है। दिन में धूप की गरमाहट ठंड को कम करेगी, जबकि रात सर्द होगी।
सेहत का रखें विशेष ध्यान
ठंड़ का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में आप अपने स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्क रहें। इसमें किसी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। बच्चे और बूढ़े लोगों के स्वास्थ्य का और भी ज्यादा ख्याल रखना होगा।