Bhagalpur Weather Forecast : पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी, चलेगी ठंडी हवा, जानिए... मौसम पूर्वानुमान
Bhagalpur Weather Forecast भागलपुर सहित पूर्व बिहार कोसी और सीमांचल क्षेत्रों में अचानक मौसम में परिवर्तन हो गया है। हालांकि आसमान साफ रहेगा धूप तल्ख निकलेगी। पश्चिमी विक्षोभ से साइक्लोनिक सरकुलेशन बढ़ रहा है। खेत खाली होते ही रवि फसल की बोआई कर रहे हैं।
भागलपुर, जेएनएन। Bhagalpur Weather Forecast : पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। वहां से चलने वाली ठंडी हवा अब ठंड को बढ़ाएगी। नवंबर के आरंभ में ठंड बढ़ रही थी। लेकिन दूसरे ही सप्ताह बढ़ने की रफ्तार रुक गई। अब फिर मौसम ने करवट ले लिया है। दो-चार दिनों के अंदर न्यूनतम तापमान में दो से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। पछुआ हवा तेज हो गई है। जिससे कनकनी बढ़ने की संभावना बढ़ गई हे।
पश्चिमी विक्षोभ से बन रहा है साइक्लोनिक सरकुलेशन
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र कुमार की माने तो मौसम ठंड की ओर चल पड़ा है। पश्चिमी विक्षोभ से साइक्लोनिक सरकुलेशन बढ़ रहा है। 20 नवंबर के बाद शहर में तेज गति से ठंडी हवा चलेगी। इससे ठंड बढ़ना शुरू हो जाएगी। हिमालय की तराई से आने वाली नमी मौसम के मिजाज को बदलेगा । सोमवार को अधिकतम तापमान एक 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले 48 घंटों के पूर्वानुमान में बताया गया है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में कहीं कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। हवा की गति बढ़ सकती है। इसके साथ ही आसमान से बादल के छटते तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी।
आसमान रहेगा साफ धूप देगी राहत
हालांकि आसमान साफ रहेगा धूप तल्ख निकलेगी। लेकिन शाम होते ही ठंड अपना असर दिखाना आरंभ कर देगा। उधर मौसम की अनुकूल होने से किसान धान की फसल तैयारी के लिए खलिहान पर ला रहे हैं। वहीं खेत खाली होते ही रवि फसल की बोआई कर रहे हैं। मौसम के साथ के कारण जहां धान की बंपर पैदावार हो रही है। वहीं रबीमें भी बेहतर उत्पादन होने की उम्मीद है। वैज्ञानिकों की माने तो इस बार खेतों में पर्याप्त नमी है। किसानों को कम लागत पर बंपर उत्पादन होने का अनुमान है। मौसम का बेहतर साथ मिलने से उत्पादन लगत भी कम होने की उम्मीद है।