Bhagalpur Weather Forecast : मौसम विज्ञान विभाग जारी किया अलर्ट, बारिश और वज्रपात की संभावना
Bhagalpur Weather Forecast पूर्व बिहार कोसी और सीमांचल के जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना है। सुबह से ही बारिश हो रही है। जलजमाव से परेशानी हो रही है।
भागलपुर, जेएनएन। Bhagalpur Weather Forecast : भागलपुर सहित आसपास के जिलों में गुरुवार रात से ही बारिश हो रही है। बारिश होने का सिलसिला पिछले एक सप्ताह से जारी है। जहां बारिश नहीं हो रही है, वहां बादल छाये हुए हैं। मौसम में ठंडक है। जहां एक ओर बारिश से किसानों को लाभ हुआ है, वहीं दूसरी ओर जलजमाव से लोग परेशान हैं। भागलपुर शहर में बारिश के कारण सड़कों पर जलजामव है। सबसे खराब हाल भोलनाथ अंडर पास है। जहां पानी जमा है। बारिश के दौरान बिजली के गुल होने से लोग परेशान हैं। शुक्रवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम सेवा के नोडल अधिकारी डॉ वीरेंद्र कुमार की माने तो झमाझम बारिश के आसार हैं। आज दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। ऐसा मौसम अभी दो दिनों तक बना रहेगा। गुरुवार को पांच एमएम बारिश हुई थी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 87 फीसद आर्द्रता के साथ 6.6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पूर्वी हवा चल रही है। बारिश के दौरान वज्रपात की संभावना है।
कटिहार में सुबह से मूसलाधार बारिश का क्रम जारी है। तेज पूरबा हवा भी चल रही है। घने काले बादल और बारिश के क्रम से तत्काल मौसम में परिवर्तन की संभावना भी नहीं है। जमुई और लखीसराय में लगातार बारिश का क्रम बना हुआ है। कभी तेज तक कम बारिश हो रही है। रात को मूसलाधार बारिश हुई थी। अभी बूंदाबांदी हो रही है। रात को बिजली भी खूब चमकी थी। आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है। सहरसा में रात से लगातार बारिश का क्रम बना हुआ है। सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। अररिया में लगातार बारिश हो रही है। मधेपुरा में रात से सुबह तक मूसलाधार बारिश हुई है। कुछ देर से बूंदाबांदी हो रही है। खगड़िया में बीते चार दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। 27 सितंबर तक अलर्ट जारी है। सुपौल में रात से ही लगातार बारिश हो रही है। मुंगेर में गुरुवार को रात भर बारिश होती रही। सुबह से मौसम का मिजाज बदल गया है। अभी धूप है।