भागलपुर रेलवे जंक्शन : बढ़ेंगी कई और सुविधाएं, दिखेगा स्मार्ट, डीआरएम ने दी यह जानकारी, जानिए
भागलपुर रेलवे जंकशने पहले से ज्यादा सुंदर और आकर्षक दिखेगा। मार्च तक चालू हो जाएगा पूर्वोत्तर भारत का पहला हाईटेक यार्ड। छह घंटे तक मालदा रेल मंडल के डीआरएम ने किया जंक्शन का निरीक्षण। यार्ड को किया जाएगा सुरक्षित बनेगी ऊंची चारदीवारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। नए साल में भागलपुर रेलवे जंक्शन पर कई यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा। यह पहले से ज्यादा सुंदर और आकर्षक दिखेगा।
स्मार्ट सिटी का स्टेशन भी बड़े स्टेशनों की तरह स्मार्ट होगा। विगत एक साल में जंक्शन पर कई सुविधाएं बढ़ी हैं। 2021 के जनवरी से मार्च के बीच यात्री सुविधाओं में और अधिक बढ़ोतरी होगी। मार्च तक पूर्वोत्तर भारत का पहला हाइटेक रेलवे यार्ड भी बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बनने से गाडिय़ों के रखरखाव में सहूलियत होगी। यार्ड को सुरक्षित करने के लिए ऊंची चारदीवारी बनाने का निर्देश दिया गया है।
यह जानकारी मालदा रेल मंडल के प्रबंधक (डीआरएम) यतेंद्र कुमार ने दी। वे मंडल के अधिकारियों के साथ जंक्शन, रेलवे यार्ड, कैरेज एंड वैगन विभाग का निरीक्षण करने पहुंचे थे। छह घंटे के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी विभागों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सीनियर डीएमई सतेंद्र तिवारी, डीईएन राजीव कुमार, डीईजी, स्टेशन डायरेक्टर, स्टेशन अधीक्षक, आरपीएफ इंस्पेक्टर, पीडब्ल्यूआइ आरके सिंह, एसएसई अख्तर हुसैन थे।
सभी विभाग और कार्यालयों को भी खंगाला
डीआरएम ने रेलवे यार्ड, कैरेज एंड वैगन, भंडार, प्लेटफॉर्म और सर्रकुलेंटिंग एरिया का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यालयों को देखा और आवश्यक निर्देश दिए। यार्ड और जंक्शन की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट दिखे।
मशीन से होगी सफाई
डीआरएम ने कहा कि अब रेलवे यार्ड में शौच नहीं दिखेंगे। कोच में लगे शौचालय की सीधे मशीन से सफाई होगी। इसके लिए सीएमसी लेथ मशीन लगाई जाएगी। डीआरएम ने कहा कि जंक्शन पर लिफ्ट, रैंप का निर्माण पूरा हो गया है। अधिकारी गेस्ट हाउस का निर्माण भी अंतिम चरण में है। नया प्रवेश द्वार भी जल्द चालू होगा।
भागलपुर रेलवे जंक्शन को रेलवे को काफी आय होता है। इस कारण यहां लगातार यात्री सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है। रेल अधिकारी लगातार यहां दौरा कर स्थिति का जायजा लेते हैं। लोगों की परेशानी के ध्यान में रखकर योजना बनाते हैं। रेलवे लगातार इस दिशा में प्रयास कर रही है।