पुलिस हिरासत में सिचाई विभाग के कर्मी की मौत के बाद गरमाई राजनीति, न्याय के लिए महागठबंधन सड़क पर उतरा
सिंचाई विभाग के लिपिक की पुलिस कस्टडी में मौत मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसको लेकर महागंठबंधन ने नेताओं ने शनिवार को भी धरना दिया। वे लोग पीडि़त परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
जागरण, संवाददाता, भागलपुर। होली के दिन सिंचाई विभाग के क्लर्क संजय कुमार यादव की पुलिस कस्टडी में हुई मौत मामले को लेकर शनिवार को महागठबंधन की ओर से समाहरणालय के पास धरना दिया। धरना में मृतक की पत्नी और दोनों बेटी भी बैठी। महागंठबंधन के कार्यकर्ताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा, 50 लाख मुआवजा और नौकरी देने की आवाज बुलंद की। युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद भागलपुर शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि संजय की मौत ने सुशासन की सरकार की पोल खोलकर रख दी है। जबतक पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिलता, जबतक महागठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा।
राजद नेताओं ने सरकार पर बोला हमला
राजद प्रदेश महासचिव डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। प्रदेश सचिव डॉ. तिरुपतिनाथ यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए घटना की निंदा की। राजद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर प्रसाद यादव ने कहा कि एनडीए की सरकार में पुलिस व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिकेत यादव ने घटना की निंदा करते हुए उचित मुआवजा देने की मांग की। जिला महासचिव अमर यादव ने भी पुलिस व्यवस्था पर हमला बोला। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मु. परवेज जमाल ने गिरती कानून व्यवस्था पर खूब भड़ास निकाला। धरना में वाम नेता एसके शर्मा, कमेटी सदस्य सीपीआइएम मनोहर मंडल, भाकपा माले के नगर प्रभारी मुकेश मुक्त, राजद नेता रामशरण प्रसाद यादव, राजद महानगर अध्यक्ष मु. साहब उद्दीन, कहलगांव के राजद प्रखंड अध्यक्ष बासुकीनाथ यादव, सुधीर शर्मा, हरेराम ठाकुर, मणजीत ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता थे।
जदयू विधायक ने भी उठाए थे सवाल
ज्ञात हो कि सिंचाई कर्मी की मौत मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दो दिन पूर्व जदयू के विधायक गोपाल मंडल ने भी इस मामले को लेकर सवाल उठाया था। साथ ही दोषी लोगों पर कार्रवाई की भी मांग की गई थी।