महंगाई के विरोध में राजद का हल्ला बोल, भागलपुर में आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन और पुतला जलाया
बिहार में राजद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान महंगाई के विरोध में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजद जनता की हरेक समस्याओं के निदान के लिए आंदोलन करता रहेगा। भागलपुर में भी राजद कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सहित अन्य सामानों में हो रही दिन-व-दिन महंगाई के विरोध में जिला राजद की ओर से रविवार को आक्रोश मार्च निकाला गया। स्टेशन चौक पर जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला जलाया। इस दौरान सरकार के विरोध में राजद के नेताओं ने नारेबाजी भी की। जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का महंगाई पर नियंत्रण नहीं रहा है। आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। प्रदेश सचिव डॉ. तिरुपति नाथ यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार को आम लोगों से कोई मतलब नहीं है। लगातार पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की कीमतों में इजाफा हो रहा है इसके बाद भी सरकार चुप बैठी है।
जिला महासचिव अमर यादव ने भी सरकार के विरोध में नारेबाजी की और कहा की राजद अब चुप बैठने वाली नहीं है। बढ़ती महंगाई के विरोध में लगातार आंदोलन चलता रहेगा। राजद के प्रदेश प्रवक्ता अरुण यादव ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। कॉरपोरेट घरानों के इशारों पर जनता पर महंगाई थोपा जा रहा है। प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष सहित सैकड़ों की संख्या में राजद के कार्यकर्ता और पदाधिकारी थे।
कहा कि बीते दो महीने से किसान आंदोलनरत हैं, लेकिन केंद्र की सरकार कृषि कानूनों को रद करने की बजाए आंदोलनकारी किसानों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। सरकार साजिश के तहत आंदोलन को बदनाम करना चाह रही है। लेकिन, देश की जनता इसे समझ चुकी है। अगर सरकार किसानों की मांगें पूरी नहीं करती है, तो आगे आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मांगों को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने दिया धरना
जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के कर्मचारियों ने मांगों को लेकर शनिवार को अस्पताल अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना दिया। धरना बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के नेतृत्व में दिया गया। अस्पताल अधीक्षक वार्ता के लिए समय नहीं दे रहे थे। जब वो कार्यालय से बाहर निकलने लगे तो कर्मचारी वाहन के सामने बैठ गए, फिर वार्ता की गई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक भगत ने कहा कि उनकी पूरी मांगे मान ली गई हैं। कोरोनाकाल में जिन कर्मचारियों ने अवकाश के दिन भी कार्य किया है उन्हें प्रोत्साहन राशि आवंटन मिलने पर दी जाएगी। जिन नर्सों ने अगस्त में योगदान दिया है उन्हें अगस्त माह का वेतन मिलेगा, अन्य माह का वेतन आवंटन मिलने पर दिया जाएगा। इस अवसर पर श्यामानंदनरा, जेएलएनएमसीएच शाखा के अध्यक्ष राकेश अम्बष्ठ के अलावा नर्स एवं कर्मचारियों ने धरना दिया।