Bhagalpur News : नवगछिया को शीघ्र मिलेगा राजस्व जिला का दर्जा
नवगछिया अभी पुलिस जिला है। वहां पुलिस अधीक्षक बैठते हैं। इसके अलावा सारा कार्य भागलपुर से ही संपादित होता है। जिलाधिकारी भागलपुर में हैं। इस कारण नवगछिया को अक्सर स्वतंत्र जिला बनाने की मांग उठती रहती है। जदयू ने भरोसा दिया है कि नवगछिया राजस्व जिला बनेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जदयू जिलाध्यक्ष विरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शीघ्र ही नवगछिया को राजस्व जिला का दर्जा दे दिया जाएगा। नवगछिया पार्टी कार्यलय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि नवगछिया को जिला बनाने का प्रस्ताव पूर्व में ही भेजा जा चुका हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर बात हुई है। मुख्यमंत्री ने शीघ्र ही नवगछिया को पूर्ण जिला बनाने का आश्वासन दिया हैं। नवगछिया के मदन अहिल्या महिला कॉलेज के पास समपार फाटक पर शीघ्र ही ओवरब्रीज का निर्माण कार्य पूरा किया जायेगा। ज्ञातव्य हो कि ओवरब्रीज निर्माण के लिए रेलवे के द्वारा चार पाया बना चुकी हैं। अब काम बिहार सरकार को करना हैं। बिहार सरकार द्वारा ओवरब्रीज निर्माण की जो लिस्ट निकाली हैं। उसमें नवगछिया ओवरब्रीज का नाम भी हैं। इस मौके पर त्रिपुरारी कुमार भारती, सुबोध साह, अनिल मंडल, अखिलेश सिंह निषाद, प्रिंस कुमार, मुन्ना भगत, साकेत बिहारी, ज्ञानसक सिंह, रूपक पटेल, चितरंजन शर्मा, कर्पूरी ठाकुर मौजूद थे।
प्रयागराज में भागलपुर के सांसद ने कार्यक्रम को किया संबोधित
प्रयागराज में आयोजित गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि बिहार और यूपी के लोगों में काफी समानता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग सम्मिलित रूप से पुरवैया कहलाते हैं। उनका खान-पान, रहन-सहन, रीति-रिवाज और बोल- चाल की भाषा लगभग समान है। यूपी के लोग भी पितरों की शांति के लिए गया जाते हैं। बिहार यूपी का रोटी-बेटी का संबंध है। प्रशासनिक दृष्टि से बिहार यूपी अलग है, परंतु संस्कृति और संस्कार एक समान है।
उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार और यूपी में योगीजी ने अपने वचन एवं कर्म से सिद्ध कर दिया है कि जहां चाह वहां राह है। वे दोनों योग्य प्रशासक हैं जो देश की सेवा में लगे हुए हैं। विपरीत परिस्थितियों में सकारात्मक सोच से समाधान करते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के बारे में कहा कि उनके नेतृत्व में भारत गौरवान्वित हो रहा है। वे देश के सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्रियों में से एक हैं। विदेश में ही नहीं दुनिया के लोकतांत्रिक देशों में भी सबसे अधिक लोकप्रिय राजनेता हैं।