शहर में हर घर दो कूड़ेदान बांटेगा निगम, जानें... क्यों बनी हैं ऐसी योजनाएं
75 हजार घरों के लिए 1.5 लाख कूड़ेदान खरीदे जाएंगे। सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त जैम पोर्टल के माध्यम से खरीदारी के लिए 28 मई से निगम निविदा प्रक्रिया शुरू करेगा।
भागलपुर [जेएनएन]। शहर में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सख्त निर्देश पर नगर निगम ने अपनी कवायद शुरू कर दी है। अब घरों का कूड़ा सड़क पर नहीं दिखेगा। इसके लिए प्रत्येक घर को दो कूड़ेदान गीला और सूखा कचरा रखने को निगम उपलब्ध कराएगा। हरे रंग के कूड़ेदान में गिला और ब्लू रंग के कूड़ेदान में सूखा कचरा रखा जाएगा।
उप नगर आयुक्त सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि शहर में 75 हजार घरों के लिए 1.5 लाख कूड़ेदान खरीदे जाएंगे। सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त जैम पोर्टल के माध्यम से खरीदारी के लिए 28 मई से निगम निविदा प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके बाद 20 जून से हर घर को दो कूड़ेदान दिए जाएंगे। इससे घरों का कूड़ा सड़क और नालियों में फेंकने की आदत में सुधार होगा। इसके साथ शहर के बरारी पुल घाट, ठाकुबाड़ी घाट, लंच घाट, खंजरपुर घाट, मुसहरी घाट आदि सात प्रमुख गंगा घाटों पर दो-दो कूड़ेदान रखा जाएंगे। कूड़ा उठाव के लिए 150 ठेले भी खरीदे जाएंगे।
सड़कों पर नहीं रहेंगे कूड़ेदान
शहर की सड़कों पर जाम की समस्या कूड़ेदान की वजह से भी लग रही है। वैसे में जब कंपेक्टर वाहन से कूड़े का उठाव होता है तो जाम लग जाता है। वहीं सड़क पर कूड़ेदान रखने पर आसपास गंदगी फैल जाती है। इससे निजात के लिए लाजपत पार्क के सामने, पीपरपांती, बरारी हनुमान घाट मार्ग और बबरगंज थाना के सामने कूड़ा घर बनाया जाएगा। एक सप्ताह में कार्य शुरू होगा। यहां वार्डों के सभी कूड़ेदान को रखा जाएगा। गले और सूखे कूड़े को अलग करने के बाद प्रोसेसिंग के लिए भेजा जाएगा। सूखा कचरे को कनकैथी डंपिंग यार्ड और गीले कचरे को जैविक खाद के पीट स्थल पर भेजा जाएगा।
कूड़ा संग्रहण को बनाया एक्शन प्लान
वार्डो में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को वार्ड प्रभारी से लेकर सफाई कर्मियों तक के दायित्व तय किए गए हैं। वार्ड में झाडू, नाला उड़ाही, कूड़ा उठाव और घर-घर कूड़ा संग्रहण के लिए कर्मियों की सूची नाम और मोबाइल नंबर के साथ दीवारों पर चिपकाया जाएगा। ताकि समस्या पर लोग अपने संबंधित कर्मी को सूचना दे सके। बुधवार से मोहल्ले की गलियों में सूची लगाने का कार्य शुरू होगा।
प्रत्येक तीन वार्ड पर बनेगा एक पीट
शहर के 51 वार्ड के गिले कूड़े से जैविक खाद तैयार करने को 17 स्थानों पर पीट का निर्माण कराएगा। प्रत्येक तीन वार्ड पर एक जैविक खाद पीट का निर्माण तीन हजार वर्ग फीट की जमीन पर होगा। छह कंपाउंड वाले पीट के निर्माण पर 6.5 लाख रुपये खर्च होगा। नगर विकास विभाग ने मॉडल उपलब्ध करा दिया है। सात जगह पर विभाग से अनुमति मिली है। नाथनगर अंचल ने एक, तीन और छह वार्डो तथा जगदीशपुर अंचल ने 21 और 27 वार्डो में पीट निर्माण की अनुमति दी है।
कनकैथी में कूड़ा निस्तारण को आवंटित हुई जमीन
नगर निगम को कूड़ा निस्तारण के लिए जगदीशपुर के कनकैथी में जमीन दी गई है। 4.7 एकड़ के साथ अब अब पांच एकड़ जमीन इसके अतिरिक्त डीएम प्रणव कुमार के माध्यम से उपलब्ध करा दी गई है। निगम को कूड़ा डंपिंग और प्रोसेसिंग प्लांट के लिए 10 एकड़ जमीन की आवश्यकता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप