भागलपुर नगर निगम : जलजमाव और नालों की सफाई के लिए उठाये यह कदम, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
भागलपुर नगर निगम ने शहर को 4 जोन में बांटा प्रत्येक जोन में 22 मजदूरों की होगी प्रतिनियुक्ति। प्रभारी नगर आयुक्त ने जोनल प्रभारी और स्वास्थ्य शाखा प्रभारी के साथ की बैठक। जोनल प्रभारियों ने कहा सफाई संसाधन का अभाव ऐसे में कैसे चलेगा अभियान।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहरी क्षेत्र में मानसून के दौरान शहरवासियों को जलजमाव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निगम को 10 मई तक शहर के सभी नालों की उड़ाही का टास्क दिया है। इसे लेकर शनिवार को प्रभारी नगर आयुक्त प्रफुल्ल चंद यादव ने स्वास्थ्य शाखा और जोनल प्रभारियों के साथ आवश्यक बैठक की है। रविवार से अभियान शुरू करने का निर्देश दिया। इस दौरान जोनल प्रभारियों ने कहा कि नालों की उड़ाई में संसाधन की कमी बाधा बन गई है। पर्याप्त मात्रा में कुदाल बेलचा डलिया फड़वा आदि नहीं है। इस पर संसाधन की कमी नहीं होने का नगर आयुक्त ने जोनल प्रभारियों का भरोसा दिया। देर शाम संसाधन खरीदारी की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। सोमवार से प्रतिदिन सभी जोन में छोटे बड़े नालों की उड़ाई होगी। इसके लिए प्रत्येक जोन में 10 मजदूरों का पहले से गैंग है। अभियान को लेकर 10 मजदूरों के गैंग के साथ-साथ वार्ड में कार्य करने वाले मजदूरों का भी सहयोग लिया जाएगा। बड़े नालों की उड़ाई में जेसीबी का भी उपयोग होगा। वही डिसिल्टिंग वाहन का उपयोग शीतला स्थान वाले बड़े नाले में किया जाएगा।
भागलपुर शहर में कई नाले हैं
बता दें कि शहरी क्षेत्र में 18 से अधिक हथिया नाला, वार्डों में 600 से अधिक छोटे बड़े नाले हैं। ऐसी स्थिति में नगर निगम को नालों की उड़ाही करने में करीब दो महीने का भी समय लग सकता है। दो वर्ष पहले पटना में मानसून की बारिश में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई थी। इस भाव स्थिति से निपटने को लेकर विभाग ने नगर निगम को पहले से तैयारी करने का निर्देश दिया है। इस मौके पर कार्यालय अधीक्षक रेहान अहमद जयप्रकाश यादव सिटी मैनेजर वह अन्य कर्मी मौजूद थे। यहां बता दें कि भागलपुर में बारिश के दिनों में काफी परेशानी होती है। जगह-जगह पानी भरा रहता है। नाले का पानी भी सड़कों पर बहते हैं।