भागलपुर नगर निगम : स्मार्ट सिटी पर कचरे की कालिख, विद्यालय मार्ग को भी नहीं छोड़ा
भागलपुर नगर निगम भागलपुर में हर ओर गंदगी का अंबार है। नगर निगम ने विद्यालय मार्ग को भी नहीं छोड़ा लगा है कूड़े का ढेर। -बदबू से आवागमन पर असर राहगीरों को नाक पर रखना पड़ रहा रूमाल।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। कहने को तो यह शहर स्मार्ट सिटी है। पर नगर निगम ने इसपर कचरे की कालिख पोत दी है। जहां पाया वहां कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बना डाला। आजतक कूड़ा निस्तारण की मुकम्मल व्यवस्था नहीं हो पाई। लिहाजा, पूरा शहर कचरे के ढेर से पट गया है।
शहरों की बेहतर सफाई के लिए हर जगह सरकार स्वच्छता अभियान चला रही है। वहीं भागलपुर में नगर निगम कचरा बटोरने के बजाय फैलाने का काम कर रही है। शहर के प्रमुख विद्यालय मार्ग को भी कूड़े के ढेर में तब्दील कर दिया गया है।
लाजपत पार्क के पास मोक्षदा इंटरस्तरीय स्कूल व दुर्गा चरण माध्यमिक विद्यालय के समीप सड़कें कूड़े से पटी है। यहां आदमपुर, मानिक सरकार, बूढ़ानाथ व बाजार क्षेत्र समेत पांच वार्डों से कूड़े का उठाव कर सड़कों पर जमा किया जाता है। ऐसी ही नारकीय स्थिति नाथनगर स्टेशन मार्ग की है। इस मार्ग से होकर इंटर स्तरीय बालिका विद्यालय, सुखराज राय इंटर विद्यालय व गुरुकुल इंटर विद्यालय के पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। यहीं हाल शहर के सटे सबौर हाई स्कूल के पास भी गंदगी की है। स्कूल रोड़ में अंचल प्रशासन द्वारा जबरन सड़क पर हाट लगा दिए जाने से स्कूल के आसपास कूड़ों का अंबार जमा हो गया है। वहां से उठने वाली बदबू ने छात्रों एवं शिक्षकों का जीना मुहाल कर दिया है। एक तरफ जहां स्वचछता को लेकर देश के प्रधानमंत्री तक चिंतित है वहीं दूसरी तरफ लोग इस दिशा में संवेदनहीन होते जा रहे हैं। प्रशासन की भी लचर व्यवस्था गंदगी को बढ़ाने का काम कर रहा है। कूड़े के ढेर का सामना करना पड़ता है। नाक पर रूमाल रखे बिना आप इधर से गुजर नहीं सकते। गत दिनों नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में डिप्टी मेयर राजेश वर्मा ने लाजपत पार्क मार्ग से डंपिंग प्वाइंट हटाने का प्रस्ताव दिया था। स्कूलों के आसपास कूड़ा रखने की व्यवस्था को भी समाप्त करने को कहा था। लेकिन, यह प्रस्ताव जमीन पर नहीं उतरा।