भागलपुर में मारा गया युवक हबीबपुर थाने का चालक निकला, नवगछिया का था रहने वाला
Bhagalpur crime news भागलपुर के गौराचौकी मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात एक युवक हत्या कर शव फेंक दिया गया था। आज मृतक की पहचान हुई। वह पुलिस वाहन चालक था।
भागलपुर, जेएनएन। Bhagalpur crime news : कजरैली थाना क्षेत्र के गौराचौकी गांव में गुरुवार की रात हत्या कर फेंका गया शव मुहम्मद अफसार का निकला। वह हबीबपुर थाने का चालक था। नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित मकंदपुर गांव का रहने वाला था। जिला प्रशासन की तरफ से थाने को दी गई गाड़ी चलाता था। कजरैली पुलिस ने हबीबपुर पुलिस की मदद से गुरुवार की देर रात उसकी शिनाख्त कर ली गई। देर रात सिटी एएसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में हबीबपुर में छापेमारी की गई। पुलिस ने इमरान मुर्गा समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। छापेमारी के क्रम में भाग रहे इमरान मुर्गा के पैर में जख्म लगे हैं। उसकी पत्नी का आरोप है कि पुलिस उसके पति को हवालात में बंद कर पिटाई की। जिसमें उसके पैर की हड्डी टूट गई है। जख्मी इमरान को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइपास में मोटरसाइकिल लूट के क्रम में मारी गई गोली
प्रारंभिक पूछताछ में हबीबपुर पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि बाइक से जा रहे अफसार की बाइक लूट का प्रयास हुआ। उसी क्रम में उसे गोली मारी गई है। जबकि अफसार का शव कजरैली थाना क्षेत्र के गौराचौकी गांव स्थित मुख्य सड़क से बरामद की गई है। हबीबपुर पुलिस की थ्योरी चालक अफसार की पेशबंदी वाली है। कजरैली थानाध्यक्ष पंकज कुमार का कहना है कि अबतक इस कांड में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गुरुवार की देर रात छापेमारी की गई थी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी है।
हजम नहीं हो रही कहानी
थाने में गाड़ी चलाने वाले अफसार की हत्या महज बाइक लूट के लिए कर दी गई होगी यह बात लोगों को हजम नहीं हो रही है। भारी वाहनों से रात में वसूली के खेल में अफसार की संलिप्तता किस पुलिसकर्मी के साथ रही थी? थाने का एक और चालक तनवीर से उसका हाल के दिनों में किस बात को लेकर तनाव हुआ था। इलाके में लगातार शराब माफियाओं के अड्डे पर छापेमारी को लेकर बढ़ी रंजिश आदि कई सवाल फिजां में है। क्योंकि जिस तरह से अफसार की हत्या बाद शव को दूसरी जगह ठिकाने लगाया गया वह कई सवाल छोड़ गया है। हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई होगी। हबीबपुर पुलिस इमरान मुर्गा समेत तीन से पूछताछ कर रही है।