... आखिर पुलिस के साथ गश्ती के दौरान कैसे हुई हत्या, पिता ने कहा-थानाध्यक्ष ने बेटे को मरवा दिया
Bhagalpur crime news पुलिस की कार्यशैली पर एक व्यक्ति ने सवाल खडा किया है। उसका आरोप है कि उसके बेटे की हत्या में पुलिस के कुछ अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है।
भागलपुर, जेएनएन। कजरैली थाना क्षेत्र के गौराचौकी में गुरुवार की रात हत्या कर फेंका गया शव हबीबपुर थाने के चालक शेख अफसार का निकला। वह नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ी मकंदपुर गांव का निवासी था। उसके पिता शेख कासिम और भाई अंसार ने हबीबपुर पुलिस पर ही हत्या का आरोप मढ़ दिया है। कहा कि हत्या में हबीबपुर थानाध्यक्ष का हाथ है। थानाध्यक्ष ने स्वजनों के आरोप को गलत बताया है। पिता ने बताया कि आठ महीने से बेटा थाने की गाड़ी चला रहा था। गुरुवार की रात भी वह पुलिस के साथ गश्ती में था तो उसकी हत्या कैसे हो गई। उसका मोबाइल और पर्स भी गायब है। उन्होंने पुलिस की बताई कहानी को मनगढंत बताया है।
हबीबपुर पुलिस की कहानी
हबीबपुर पुलिस का कहना था कि रात को वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। तभी एक अपाचे बाइक पर सवार दो युवक नशे की हालत में मिले, जिसे हिरासत में ले लिया गया। बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया था। पेट्रोल भराने के लिए चालक अफरोज को भेजा गया था। उसी समय उसकी हत्या कर दी गई। हत्यारे बाइक भी लेकर भाग गए। बाइक के साथ नशे की हालत में पकड़े गए शंकर और अजय से हत्या के संबंध में पूछताछ की गई। लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया।
कुख्यात इमरान मुर्गा गिरफ्तार
अफसार हत्याकांड में पुलिस ने शक के दायरे में हबीबपुर के हल्दीबाड़ा निवासी कुख्यात इमरान मुर्गा को गिरफ्तार किया है। उसे घटनास्थल और पेट्रोल पंप का मुआयना कराया गया। सिटी एएसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि पूछताछ में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। उसे मोजाहिदपुर में रहमत कुरैशी और छोटू मियां के बीच 15 फरवरी की रात हुई गोलीबारी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्याकांड की जांच में हबीबपुर और बबरगंज पुलिस को भी सहयोग के लिए लगाया गया है। टीम को प्रशिक्षु आइपीएस भारत सोनी लीड कर रहे हैं। शव बरामदगी वाले स्थान पर डंप चार मोबाइल नंबरों को शक के दायरे में रखा गया है। पेट्रोल पंप पर सीसी कैमरे की फुटेज की जांच में भी दो लोगों को संदेह के घेरे में रखा गया है।