Bhagalpur Coronavirus News Update : लॉकडाउन के बाद खुश होकर गए, दूसरी लहर में मायूस होकर लौटे
Bhagalpur Coronavirus News Update दिल्ली और दूसरे प्रदेशों से आने वाले लोगों का सिलसिला जारी है। आनंद विहार टर्मिनल से शनिवार की रात भागलपुर पहुंची समर एक्सप्रेस के यात्रियों ने बताया कि होली के बाद कोरोना का मामला बढ़ा तो पहले ओवरटाइम को बंद कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। आनंद विहार टर्मिनल से शनिवार की रात समर स्पेशल भागलपुर पहुंची। इस स्पेशल ट्रेन में दिल्ली से आने वाले यात्रियों की संख्या काफी कम थी, लेकिन जितने भी यात्री उतरे थे वे लगभग सभी रोजगार करने वाले थे। कोई फैक्ट्री में काम छोड़कर आया तो कोई सिलाई और कारपेंटर का। सभी लोग भागलपुर जिले के ही रहने वाले हैं। पिछले वर्ष जब लॉकडाउन हटा था तब सभी रोजगार की तलाश में सितंबर माह में दिल्ली गए थे। रोजगार मिलने के बाद ङ्क्षजदगी मजे में कट रही थी। होली में घरवालों के लिए कपड़ा खरीदने के लिए पैसे भी भेजे थे। इस बीच कोरोना की दूसरी लहर ने कहर बरपाना शुरू किया तो काम बंद हो गया। रोजगार छीन गए। बेरोजगार होने के बाद इन लोगों के समक्ष घर लौटने के सिवाय कोई दूसरा रास्ता नहीं दिखा।
पहले ओवर टाइम बंद, फिर काम बंद
नवगछिया के तीनटंगा के रहने वाले घनश्याम मंडल और अशोक मंडल ने बताया कि वे लोग दिल्ली के मयूर विहार में किराए के एक कमरे में रहते थे। दोनों पास के एक फैक्ट्री में कार पेंङ्क्षटग का काम करते थे। ओवरटाइम मिलाकर महीने में ठीक-ठाक आमदनी हो जाती थी। होली के बाद कोरोना का मामला बढ़ा तो पहले ओवरटाइम को बंद कर दिया गया। फिर बाद में कुछ दिन के लिए काम भी बंद हो गया। ऐसे में घर आने के सिवाय उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं दिखा। इन लोगों ने कहा कि घर पर ही रोजगार मिल जाएगा तो फिर से दिल्ली नहीं जाएंगे।
पत्नी और बच्चे के साथ लौटा समीम
भागलपुर के सन्हौला प्रखंड के रहने वाले समीम अंसारी पत्नी रुकैया खातून के साथ दिल्ली के संगम विहार में किराए के मकान में रहते थे। समीम सिलाई का काम करता था। वहीं, पत्नी भी घर पर ही बुटीक का काम करती थी। कोरोना के बढ़ते मामले के बाद एक बार फिर से लॉकडाउन होने के डर से समर स्पेशल से घर लौट गए। समीम और रुकैया अपने पांच वर्ष की बेटी चांदनी के साथ खुशी-खुशी जीवन व्यतीत कर रहे थे।
मुंबई की ट्रेन से भीखनपुर के तीन और नाथनगर के दंपती पॉजिटिव
शनिवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनल से गुवाहाटी जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस से उतरे भीखनपुर के तीन पैसेंजर और नाथनगर के दंपती ने जंक्शन पर कोरोना का जांच कराई। इन सभी की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। मुंबई की ट्रेन से कुल नौ लोग संक्रमित मिले थे।