ससुराल वालों पर खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज
इशाकचक कुम्हार टोली में रविवार को राहुल सिंह ने खुदकुशी कर ली थी।
भागलपुर। इशाकचक कुम्हार टोली में रविवार को राहुल सिंह ने खुदकुशी कर ली थी। राहुल के पिता बांका जिला के बाराहाट औराबादी निवासी जवाहर प्रसाद सिंह ने इस मामले में इशाकचक थाने में केस दर्ज कराया है। उन्होंने खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए बहू तृप्ति, समधी मनोहर प्रसाद सिंह, समधन तथा पुत्र की साली रिचा व नेहा पर मुकदमा दर्ज कराया है। कोरोना जांच के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
घटनास्थल से पुलिस को राहुल का सुसाइडल नोट मिला था। जिसमें उसने मौत के लिए पत्नी और परिवार वालों को जिम्मेदार ठहराया था। राहुल ने लिखा था कि ससुराल वाले मेरे परिवार को झूठा केस में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उसने पत्नी का किसी लड़के के साथ संबंध का भी जिक्र किया है। इस बात की जानकारी हो जाने पर वह परिवार को छोड़कर चली गई। साथ ही पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी भी दी।
बता दें कि राहुल सिंह का शव डायनिंग हॉल के लोहे की कड़ी के सहारे लटकता मिला था। वह बिस्कुट बनाने वाली कंपनी में मार्केटिंग ऑफिसर था और इशाकचक कुम्हार टोली में सुनील सिंह के मकान में किराए पर रहता था। ससुराल पक्ष से कोई नहीं पहुंचे
मृतक के स्वजनों ने बताया कि घटना की रविवार को ही राहुल की पत्नी तृप्ति को सूचना दी गई थी। देर रात जेठानी से तृप्ति ने बात कर सिर्फ इतना कहा कि मेरा भी तो नुकसान हुआ है। इतना कहकर उसने फोन काट दी। खगड़िया के मूल निवासी मनोज प्रसाद सिंह दिल्ली में रहते हैं। मृतक की पत्नी अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रह रही है। ससुराल पक्ष के कोई भी लोग नहीं पहुंचे। वहीं, इशाकचक थानाध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु ने कहा सुसाइडल नोट के आधार पर मृतक के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है।