भागलपुर के भाजपाइयों ने कई लोस क्षेत्रों में NDA के लिए चुनाव प्रचार का संभाल रखी थी कमान
भागलपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भागलपुर के अलावा अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा सहित एनडीए प्रत्याशी ने वोट मांगने गए थे। चुनाव संपन्न कराकर सभी वापस लौटे।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भागलपुर के अलावा अन्य जगह जाकर एनडीए प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार किया। यहां के भाजपाइयों को उम्मीद है कि भागलपुर सीट एनडीए के पक्ष में जाएगा। इस कारण पूरे उत्साह के साथ भाजपा कार्यकर्ता अपनी पार्टी के अन्य NDA प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने उनके क्षेत्र में गए थे। अब जब सभी जगह चुनाव संपन्न हो गया, सभी कार्यकर्ता वापस अपने क्षेत्र भागलपुर पहुंच गए हैं। भाजपा ने कई जगहों पर अपनी पार्टी के अलावा जदयू और लोजपा के लिए भी वोट मांगे।
यहां के ज्यादातर कार्यकर्ता निशिकांत दूबे और अश्विनी चौबे के प्रचार करने गए थे। निशिकांत दूबे अभी गोड्डा लोकसभा से सांसद हैं और वे इस बार वहीं से इस बार भाजपा के प्रत्याशी भी हैं। जबकि अश्विनी चौबे बक्सर के सांसद हैं। वे भी वहीं से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए हैं। श्री चौबे केन्द्र में मंत्री भी हैं। इन दोनों का संबंध भागलपुर से होने के कारण काफी संख्या में कार्यकर्ता दोनों के क्षेत्र में गए थे। सभी भाजपा कार्यकर्ता चुनाव संपन्न कराकर ही वापस लोटे।
निशिकांत दूबे के लिए चुनाव प्रचार करने भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार, भागलपुर के जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साह, भागलपुर की महापौर सीमा साहा, सबौर के मंडल अध्यक्ष उमाशंकर, मंतोष कापरी, डॉ कुमार नीरव आदि गए थे।
इन सभी नेताओं ने देवघर में विजय संकल्प रैली को संबोधित करने आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में भी सक्रियता से भाग लिया था। देवघर गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में है। जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर जाकर हमलोगों ने निशिकांत दूबे के लिए प्रचार किया। वे बांका लोकसभा क्षेत्र में गिरिधारी यादव के लिए वोट मांगने गए थे। संतोष कुमार भागलपुर लोकसभा क्षेत्र में भी काफी सक्रियता से जदयू के उम्मीदवार अजय मंडल के लिए प्रचार किया थे। इस लोकसभा चुनाव में संतोष कुमार भागलपुर विधानसभा चुनाव के प्रभारी भी थे।
भागलपुर जिला उपाध्यक्ष सोनू घोष और महामंत्री सरस्वती कुमार, रामनाथ पासवान, संजय हरि सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता अश्विनी चौबे के लिए चुनाव प्रचार करने बक्सर गए थे। चुनाव संपन्न कराकर सभी वापस आए। कुछ कार्यकर्ता राज्य के बाहर भी जाकर भाजपा के लिए प्रचार कर रहे थे। जबकि बेगूसराय सीट से चुनाव लड़ रहे भाजपा के गिरिराज सिंह के लिए भी चुनाव प्रचार करने भाजपा के स्थानीय नेता गए थे। गिरिराज सिंह नवादा के सांसद हैं। इस बार भाजपा ने उनका सीट बदलकर बेगूसराय कर दिया गया था। वे केन्द्र सरकार में मंत्री हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ प्रीति शेखर भागलपुर के अलावा मुंगेर में जदयू उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार करने गईं थी। जबकि उनके पति डॉ मृणाल शेखर भागलपुर, बांका, सारण और बेगूसराय में एनडीए प्रत्याशी के लिए वोट मांगने गए थे।
जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने बताया कि प्रदेश संगठन की ओर से जिनको जहां भेजा गया, वे कार्यकर्ता वहां गए। श्री पांडेय भी भागलपुर के अलावा कई अन्य लोकसभा में एनडीए प्रत्याशी के लिए वोट मांगने गए थे।
रविशंकर प्रसाद के चुनावी कमान को संभालने गए थे भाजपा जिलाध्यक्ष
पटना साहिब लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद चुनाव के चुनाव प्रचार में भाजपा जिलाध्यक्ष सहित कई पार्टी कार्यकर्ता वहां गए थे। रवि शंकर प्रसाद का मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा से है। रविशंकर प्रसाद के लिए चुनाव प्रचार करने भारतीय जनता पार्टी भागलपुर के जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय, जिला उपाध्यक्ष दिलीप निराला, जिला महामंत्री मुकेश सिंह, जिला महामंत्री विजय कुशवाहा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिनव सिंह, डॉ प्रीति शेखर, डॉ मृणाल शेखर सहित दर्जन भर कार्यकर्ता गए थे। जिलाध्यक्ष श्री पांडेय ने बताया कि पटना साहिब जाकर चुनावी कार्य में सहयोग करने के लिए प्रदेश नेतृत्व ने पत्र भेजा था। पटना साहिब में चुनाव सांतवें चरण में 19 मई को हुआ। सभी कार्यकर्ता चुनाव संपन्न कराकर वापस आए। उन्होंने कहा कि 11 मई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पटना आए थे। उनके कार्यक्रमों में भी सभी सक्रियता से लगे थे।
जिलाध्यक्ष का केन्द्रीय मंत्री से है बेहतर संबंध
जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय का रवि शंकर प्रसाद से काफी अच्छे और बेहतर संबंध हैं। जिस समय रवि शंकर प्रसाद अधिवक्ता मंच के प्रदेश अध्यक्ष थे उस समय रोहित पांडेय अभाविप के प्रदेश कार्यालय मंत्री थे। सांगठनिक कार्य के लिए दोनों का आपस में अक्सर मिलना होता था। इस कारण रवि शंकर प्रसाद ने उन्हें खासकर चुनाव प्रचार के लिए आने का आग्रह किया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप