सदर अस्पताल प्रसव कराने आ रहीं हैं... तो जान लें वहां आपके लिए क्या-क्या सुविधाएं हैं
सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर बेड चादर की व्यवस्था सुदृढ़ करने और प्रसव पीडि़तों को गॉउन की सुविधा देने का निर्देश दिया था।
भागलपुर [जेएनएन]। भागलपुर में स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी के प्रयास किए जा रहे हैं। मरीजों को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। मरीज बेहतर तरीके से इलाज कर पाएं इसके लिए अस्पताल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। हालांकि ज्यादा फोकस अस्पताल प्रबंधन का प्रसुताओं के लिए इलाज में रहता है। उन्हें अब और भी बेहतर सुविधाएं दी जा रही है।
अब सदर अस्पताल में प्रसव कराने को पहुंचने वाली महिलाओं को अब गॉउन भी दिया जाएगा। सिविल सर्जन अरविंद कुमार ओझा ने इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बरती गई तो सीधी कार्रवाई होगी।
दरअसल, सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर बेड, चादर की व्यवस्था सुदृढ़ करने और प्रसव पीडि़तों को गॉउन की सुविधा देने का निर्देश दिया था। इसके बाद सदर अस्पताल में फटे और गंदे बेड को तो हटा दिया गया, बेड पर चादर भी रोज बदले जा रहे हैं। वहीं, महिलाओं को गॉउन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। दो सप्ताह पूर्व डीएम ने अस्पताल के निरीक्षण में यह खामियां पकड़ी थी।
इसके बाद सिविल सर्जन को जल्द से जल्द गॉउन उपलब्ध कराने की बात कही थी। सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश भी दिया। पर, इस निर्देश का पालन नहीं हो रहा था। सिविल सर्जन ने गॉउन के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि अभी यह लागू नहीं किया गया। सिविल सर्जन से दो दिन के अंदर व्यवस्था लागू करने को कहा। साथ ही अस्पताल की नर्सों को भी गॉउन पहनाने को कहा है।