बेटियां मांगे हाई स्कूल : अब रिटायर शिक्षक हुए गोलबंद, मुंगेर में दैनिक जागरण के अभियान को मिली मजबूती
बेटियां मांगे हाई स्कूल अभियान का अब रिटायर शिक्षकों ने भी समर्थन किया है। शिक्षकों का कहना है कि जहां एक ओर बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ की बात की जा रही है तो वहीं बेटियों के लिए शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी कदम उठाए जाने चाहिए।
संवाद सूत्र,जमालपुर (मुंगेर)। बेटियां मांगे हाई स्कूल: समाज के निर्माण में शिक्षा ही सबसे महत्वपूर्ण होती है, जब तक बेहतर शिक्षा ग्रहण नहीं करेंगे तब तक शिक्षित समाज का निर्माण कर पाना संभव नहीं होता है। वर्तमान व्यवस्था में बेहतर करने के लिए लड़के व लड़कियों के बीच प्रतिस्पर्धा रहती है। कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां बेटियों ने प्रतिभा के बल पर बेटे को पीछे छोड़ दिया है। लड़कियां शिक्षित होकर हर मुकाम पर अपना परचम लहरा रही है। यही कारण है कि अभिभावकों में भी बेटियों को शिक्षित करने को लेकर ज्यादा अवयेर हैं।
जमालपुर के पूर्वी इलाके में 50 हजार की आबादी होने के बाद भी एक भी हाई स्कूल नहीं होने से छात्र-छात्राओं को दो किमी दूर जाना पड़ रहा है। जन सरोकार से जुड़े इस मुद्दे को दैनिक जागरण लगातार आठ दिनों से उठा रहा है। इस मुहिम का समर्थन हर वर्ग से मिल रहा है। सभी इसकी सराहना कर कर रहे हैं।
- -50 हजार की आबादी पर नहीं है लड़कियों के लिए हाई स्कूल
- -08 दिनों से चल रहा दैनिक जागरण का अभियान
बेहतर संसाधन मिलने पर उड़ान भर सकतीं हैं बेटियां
सेवानिवृत्त प्राचार्य सुभद्रा सिंह ने कहा कि वे अपने कार्यकाल में बच्चों को बहुत ही सीमित संसाधनों में शिक्षा बांटने का काम कर रही हैं। व्यक्तिगत रूप से यह भी महसूस किया है कि बच्चों के अंदर की प्रतिभा को निखारने के लिए अगर उन्हें संसाधन उपलब्ध करा दिया जाए तो फिर उनकी उड़ान को कोई नहीं रोक सकता है। लड़कियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले इसको लेकर सरकार को आगे आना चाहिए। सरकार व जिला प्रशासन समाज में बदलाव के लिए जो प्रयास कर रही है उसमें सबसे महत्वपूर्ण बिंदु है। शिक्षा जब शिक्षित होंगे तो समाज में बदलाव खुद ब खुद आ जाता है। इसलिए दैनिक जागरण के इस अभियान पर जिला प्रशासन को गंभीरतापूर्वक सकारात्मक पहल करना चाहिए। ताकि बच्चों को घर के आस-पास ही बेहतर शिक्षा मुहैया कराया जा सके।
सरकार और प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत
सेवानिवृत शिक्षक बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह ने कहा कि मीडिया समाज का दर्पण है। किसी भी मुद्दे को अंजाम तक पहुंचाने का सबसे प्रमुख रास्ता मीडिया ही है। दैनिक जागरण की ओर से चलाए जा रहे बेटियां मांगे हाई स्कूल अभियान का पूरी तरह समर्थन करते हैं। सरकार की मंशा है बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, ऐसे में अत्याधुनिक संसाधन के साथ अगर बेटियों को अध्ययन करने के लिए हाई स्कूल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तो जमालपुर की बेटियों के अंदर इतनी प्रतिभा है कि वह अपने मेहनत से देश और दुनिया में जमालपुर का कीर्तिमान स्थापित कर देगी । सरकार और जिला प्रशासन पूर्वी जमालपुर के 50 से ज्यादा की आबादी में हाइ स्कूल खोले जाने की दिशा में पहल करना चाहिए।